बिजली कटौती की शिकायत मिलने पर आधी रात को निरीक्षण करने पहुंचे ऊर्जा मंत्री, सहायकयंत्री और उपयंत्री निलंबित

ग्वालियर – देर रात बिजली कटौती की शिकायत पता चली तो ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर उसी समय विद्युत उपकेन्द्र, ट्रांसफार्मर एवं उस क्षेत्र के निरीक्षण के लिये निकल पड़े। निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर उन्होंने एक सहायक यंत्री और एक उपयंत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए।
मंगलवार देर रात्रि ऊर्जा मंत्री को क्षेत्रीय वाशिंदों द्वारा बताया गया कि ग्वालियर के कुछ क्षेत्रों में बार-बार बिजली फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है, इससे गर्मी के मौसम में आम लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बिना समय गवाए औचक निरीक्षण करने निकल पड़े। इस दौरान उन्हें पाताली हनुमान क्षेत्र व तानसेन नगर ज़ोन में विद्युत आपूर्ति बाधित मिली। बताया कि पिछले करीब 4 घंटे से इस इलाके की बिजली गुल है। उन्होंने इस शिकायत को गंभीरता से लिया और सहायक यंत्री रोहित सिंह तथा उपयंत्री प्रताप चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश मौके पर मौजूद मुख्य अभियंता अमित श्रीवास्तव तथा अधीक्षण अभियंता नितिन मांगलिक को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *