श्रमिक दिवस पर 10 जरूरतमंद महिलाएँ बनी शक्ति दीदी, संभाली फ्यूल डिलेवरी वर्कर की कमान
अब तक जिले की 45 जरूरतमंद महिलायें बन चुकी हैं “शक्ति दीदी”
ग्वालियर – श्रमिक दिवस एक मई के अवसर पर ग्वालियर जिले में 10 जरूरतमंद महिलाएँ शक्ति दीदी बनी हैं। इन सभी महिलाओं ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभाली। जरूरतमंद महिलाओं को फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में पेट्रोल पंपों पर नौकरी दिलाई जा रही है। जिले में कुल मिलाकर अब तक 45 जरूरतमंद महिलायें विभिन्न पेट्रोल पंपों पर शक्ति दीदी के रूप में काम कर रही हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने डबरा स्थित सोनी फ्यूल्स पेट्रोल पंप एवं रनवीक फिलिंग स्टेशन पर पाँच महिलाओं को पुष्पाहार एवं जैकेट पहनाकर शक्ति दीदी बनाया। इसी के साथ इन सभी दीदियों ने शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभाली। डबरा में भितरवार रोड स्थित रनवीक फिलिंग स्टेशन पर सुश्री रचना आदिवासी, सुश्री मुस्कान जाटव व सुश्री साधना गौड़ एवं पिछोर तिराहे पर स्थित सोनी फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर सुश्री मंजू श्रीवास्तव व सुश्री रजनी राजपूत ने शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर बनकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाए हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि शक्ति दीदियों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें प्रावधानों के अनुसार मानदेय व सुविधायें प्रदान की
शक्ति दीदी बनने के लिये महिलाएँ यहाँ कर सकती हैं संपर्क
शक्ति दीदी बनकर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में पेट्रोल पंपों पर काम करने की इच्छुक महिलायें कलेक्ट्रेट स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास अथवा अपने नजदीकी बाल विकास परियोजना कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं। साथ ही कलेक्ट्रेट स्थित खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के कार्यालय में भी इसके लिये संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन द्वारा ऐसी महिलाओं को शक्ति दीदी पहल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जो जरूरतमंद हैं या जिनके पति का निधन हो चुका है अथवा अपनों ने साथ छोड़ दिया है।
