ऐसी याचिका से सुरक्षाबलों का मनोबल न गिरायें, यह सही समय नहीं, पहलगाम हमले पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से किया इंकार
नई दिल्ली. पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी जनहित याचिका पर सुनवाई करने से सुप्रीम कोर्ट ने मना कर दिया है। मामले की जांच सेवानिवृत्त जजों की निगरानी में कराने की जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्त्ता को कड़ी फटकार लगाते हुए याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने कहा है कि यह वक्त अर्जी दाखिल करने का नहीं है। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस एन कोटीश्वर सिंह की बेंच ने कहा है कि ऐसी याचिकाओं से सुरक्षाबलों का मनोबल ना गिराये। जस्टिस सूर्यकांत ने फटकार लगाते हुए कहा है कि हम ऐसे मामलों के विशेषज्ञ कब से हो गये? हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के जज कैसे रक्षा मामलों के विशेषज्ञ हो सकते हैं? यह ऐसी याचिकाओं के लिये कतई उचित समय नहीं है।
इस तरह की याचिकाओं से बचे
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि हमारा काम तो विवादों का निपटारा करना है। याचिकाकर्ता ने याचिका वापिस लेने की गुजारिश करते हुए कहा है कि वह तो छात्रों के लिये कोर्ट आये थे। इस पर जस्टिस सूर्यकांत ने कहा है कि आपकी याचिका में छात्रों के लिये एक भी प्रार्थना नहीं है। कोर्ट की फटकार पर याचिकाकर्त्ता ने अर्जी वापिस लेने की बात कहीं तो सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा है कि इनको हाईकोर्ट जाने से भी रोका जाये। फटकार और नसीहत के साथ याचिका खारिज करते हुए। सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्त्ता को चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की याचिका दाखिल करने से बचे। आप सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जज से जांच करना चाहते हैं? मामले की गंभीरता को तो समझे। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि देश के हर नागरिक के लिये यह कठिन समय है। मामले की गंभीरता और वक्त की नजाकत को समझिये।
याचिका में क्या मांगें थीं?
याचिका में पहलगाम हमले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक न्यायिक आयोग के गठन की मांग की गई थी. इसके अलावा याचिका में केन्द्र, जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश, सीआरपीएफ , NIA को जम्मू कश्मीर के टूरिस्ट इलाकों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश देने की मांग भी गई थी.
