अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड का संचालन एक माह में करें प्रारंभ, तानसेन मकबरे तक के पहुँच मार्ग, किलागेट से घासमंडी तक के मार्ग को चौड़ीकरण, एलीवेटेड रोड का कार्य दिसम्बर 2025 तक, चेतकपुरी रोड पर सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण करें- प्रभारी मंत्री

ग्वालियर – नवनिर्मित अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड (आईएसबीटी) का संचालन एक माह में प्रारंभ किया जाए। संचालन से पूर्व बसों का रूट निर्धारण, यात्रियों को बस स्टैण्ड तक पहुँचाने की व्यवस्था के साथ ही बस स्टेण्ड की सम्पूर्ण व्यवस्थायें पूर्ण कर ली जाएँ। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के साथ शहर विकास के कार्यों के अवलोकन के दौरान आईएसबीटी का निरीक्षण करते हुए यह बात कही।
किलागेट चौराहा सौंदर्यीकरण एवं थाने के पास नवीन मार्केट निर्माण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से 3 करोड 50 लाख रूपए की राशि दुकानों के निर्माण हेतु स्वीकृत है। किलागेट पर यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिये किलागेट से घासमंडी तक के मार्ग को चौड़ीकरण करने हेतु भवन स्वामियों के साथ बैठक करने का भी आग्रह किया। सिटी बस भी किले तक संचालित हो। इसके संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। प्रभारी मंत्री ने थाने के आसपास रखे जब्तशुदा पुराने वाहनों को विधिवत हटाने के निर्देश भी दिए।
एलीवेटेड रोड का कार्य तेजी के साथ किया जाए
प्रभारी मंत्री ने ट्रिपल आईटीएम के समीप से नवनिर्मित एलीवेटेड रोड जो कि 350 करोड़ रूपए की लागत से बनाई जा रही है, इस कार्य की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त कर दिसम्बर 2025 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए। इसके साथ ही एलीवेटेड रोड के नीचे अतिरिक्त स्थान पर हॉकर्स जोन एवं पार्किंग की व्यवस्था हो, इसके लिये भी विधिवत प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई की जाए।
रेलवे स्टेशन का भी किया अवलोकन
प्रभारी मंत्री ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नं.4 पर किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने सौंदर्यीकरण कार्य को तेजी के साथ करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्य की प्रगति की प्रति सप्ताह समीक्षा करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा करने के साथ ही आवश्यकता हुई तो केन्द्रीय रेल मंत्री से भी इस संबंध में भेंट कर चर्चा की जायेगी।
चेतकपुरी रोड का निर्माण तत्परता से करें
चेतकपुरी रोड पर सीवर लाइन डालने के कारण रोड खराब होने के कारण आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री एवं नगर निगम आयुक्त को सड़क निर्माण का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण करने को कहा है। आम जनों को आ रही समस्याओं को देखते हुए यह कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *