महात्मा फुले की जयंती 11 को, निकलेगा एतिहासिक चल समारोह में होगी हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा
ग्वालियर,-शिक्षा के अग्रदूत, देश में लड़कियों की शिक्षा के लिए पहला स्कूल खोलने वाले महात्मा ज्योतिवाराव फुले की इस बार 11 अप्रैल को 198वीं जयंती है। इस अवसर पर ग्वालियर में महात्मा ज्योतिवा फुले जन कल्याण समिति (फुले आर्मी) की ओर से भव्य एतिहासिक चल समारोह निकाला जाएगा। समिति के अध्यक्ष महेश कुशवाह और सचिव देवेन्द्र कुशवाह ने बताया कि समिति का यह तीसरा आयोजन है। आयोजन की शुरूआत 2023 में भव्य स्तर पर की थी। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण 2024 में सांकेतिक रूप से जयंती समारोह मनाया गया था। लेकिन इस बार बड़े स्तर पर आयोजन किया जा रहा है जो ग्वालियर ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश में पहला आयोजन बनेगा।
इसके तहत सुबह 10 बजे लोग फूलबाग मैदान में एकजुट होंगे। वहां से चल समारोह की शुरूआत होगी। इस समारोह में चार रथों पर महात्मा फुले, उनकी पत्नी व देश की पहली महिला शिक्षिका माता सावित्री फुले, सम्राट अशोक की झांकियां सजाई जाएंगी। इसके अलावा अन्य झांकियां भी रहेंगी। चल समारोह में आगे 10 घोड़ों पर सावित्री के रूप में माता-बहनों को बैठाया जाएगा। यह समारोह फूलबाग मैदान से नदी गेट, इंदरगंज, पाटनकर चौराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, हनुमान चौराहा, लक्ष्मीगंज चौराहा से होते हुए गोल पहाड़िया स्थित महात्मा फुले की प्रतिमा स्थल पहुंचेगा। वहां महात्मा को नमन कर उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया जाएगा। चल समारोह में करीब 5 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह के अलावा पूर्व विधायक, पार्षद, समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी, उद्यमी, व्यापारी, छात्र सहित अन्य वर्गों की उपस्थिति रहेगी। इस आयोजन में माता-बहनें भी बड़ी संख्या में भाग लेंगी। रास्ते में जगह-जगह शीतल जल के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। हेलिकॉप्टर के लिए प्रशासन से अनुमति का इंतजार है। समिति के समस्त पदाधिकारी घर-घर जाकर महात्मा फुले और माता सावित्री फुले द्वारा देश के लिए दिये योगदान की जानकारी दे रहे हैं। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि संत-महात्माओं को किसी जाति-धर्म की सीमाओं में बांधा नहीं जा सकता, लेकिन कुशवाह समाज के लिए यह गर्व की बात है कि महात्मा फुले और माता सावित्री फुले ने इस समाज में जन्म लिया और बच्चे पैदा न करने की शपथ लेकर उस दौर में महिला शिक्षा की अलख जगाई जब लड़कियों की शिक्षा पर पाबंदी थी। उन्होंने लड़कियों की शिक्षा के लिए महाराष्ट्र में पहला स्कूल खोला जिसका रसूखदारों और पुरुषों का वर्चस्व रखने वालों ने काफी विरोध किया। महात्मा दंपत्ति इससे डरा नहीं और तमाम अत्याचार सहन करते हुए वे अपने मिशन में लगे रहे।
