भिंड में खाली कुर्सियां देखकर भड़कीं भाजपा सांसद, पूछा-विधायक क्यों नहीं आए
भिंड. लहार में एक कार्यक्रम में सांसद संध्या राय अधिकारियों पर भडक गई। उन्होंने पूछा कि विधायक क्यों नहीं आए। भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को क्यों नहीं बुलाया। सांसद संध्या राय शनिवार को कृषक संगोष्ठी कार्यक्रम में पहुंची थी। यहां बीजेपी का कोई कार्यकर्ता या पदाधिकारी मौजूद नहीं था। जिस पर सांसद ने मंच पर ही कृषि विभाग के अधिकारियों को कहा कि भाजपा का कोई कार्यकर्ता या पदाधिकारी क्यों नहीं है। 40 से 50 लोग होने चाहिए थे। उन्हीं से मेरा सम्मान है, मेरी गरिमा पार्टी के कार्यकर्ताओं से है।
बता दें कि लहार में विजयाराजे सिंधिया कृषि विज्ञान केंद्र पर भारतीय संस्कृति और प्राकृतिक खेती पर संगोष्ठी आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सांसद संध्या राय को आमंत्रित किया गया था। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता के लिए लहार विधायक अम्बरीश शर्मा को बुलाया गया था।
