ग्वालियर में आधी रात अनजान महिला का खौफ, गलियों में घूमकर बजाती है घरों की डोरबेल

ग्वालियर. शहर की गलियों में इन दिनों एक अनजान महिला का खौफ है, आधी रात को अचानक यह महिला घरों की डोर बेल बजाती है जब घर के लोग बाहर आते है तो कोई नहीं होता। राजा की मंडी इलाके में लोग रात को घर में सो नहीं पा रहे है। जब लोगों ने गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक अलग ही कहानी सामने आई है। एक महिला सफेद सलवार सूट में चुनरी पूरी चेहरे पर ढकी हुई निकलती है और घरों में डोर बेल बजाती हुई गायब हो जाती है। संदिग्ध महिला की यह हरकत सीसीटीवी कैमे में कैद हो गई लेकिन यह महिला कौन है और आधी रात घरों में डोर बेल क्यों बजा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आने के बाद पुलिस इस संदिग्ध महिला को लेकर कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस पता लगा रही है कि आखिरकार यह महिला कौन है और उसका मकसद क्या है।
सीसीटीवी फुटेज वायरल, पुलिस जांच में जुटी
राजामंडी इलाके का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक संदिग्ध महिला गलियों से गुजरती हुई नजर आ रही है। फुटेज में महिला का चेहरा साफ दिखाई नहीं दे रहा है, लेकिन वह देर रात इलाके के हर घर के बंद दरवाजों की घंटी बजाती हुई देखी जा सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जब घर के अंदर से किसी ने आवाज दी, तो महिला की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। वह सिर्फ घंटी बजाकर आगे बढ़ जाती है। इस वायरल वीडियो में एक असामान्य घटना भी देखने को मिली।जब महिला गलियों में घरों की घंटी बजा रही थी, तभी रास्ते में खड़े कुछ जानवर उसे देखकर भागते हुए नजर आए। इस कारण क्षेत्र में कई तरह की अफवाहें फैलने लगी हैं। इस संदिग्ध महिला का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के संज्ञान में आ चुका है और पुलिस उसकी पहचान कर जांच में जुट गई है। महिला को पकड़ने के बाद ही उसकी इस हरकत के पीछे की सच्चाई सामने आ पाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *