इंजीनियर के 40 ठिकानों पर मारे गये छापे, 55 प्लॉट, 6.25 करोड़ रूपये की प्रॉपर्टी और म्यूचुअल फण्ड में 90 लाख रूपये जमा
जयपुर. राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने ऑपरेशन 40 प्लस के तहज जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के अधीक्षक अभियंता (एसई) अविनाश शर्मा के ठिकानों पर बडी कार्यवाही की है। ब्यूरो की दर्जनभर टीमें जयपुर के तमाम ठिकानों और जेडीए कार्यालयों में अधिकारी के खिलाफ तलाशी अभियान चला रही है। एसीबी के अनुसार अविनाश शर्मा ने राजकीय सेवा में नियुक्ति के बाद से अभी तक 6.25 करोड रूपये की आय से ज्यादा संपत्ति अर्जित की है। जो उनकी वैध आय से 253 प्रतिशत अधिक है। जांच में अभी तक उनके 7 बैंक खातों और लॉकर की जानकारी मिली है। जिनके बारे में और विवरण जुटाया जा रहा है।
अधिकारी ने जयपुर के गोपालपुरा मोड, मानसरोवर, सांगानेर, पृथ्वीराज नगर, जगतपुरा, प्रतापनगर और रिंग रोड के आसपास की 25 से ज्यादा कॉलोनियों मेें 50 से अधिक संपत्तियां खरीदी और निर्माण कार्य में करोड़ों रूपये खर्च किये। एसीबी का मानना है कि जेडीए में पदस्थापना के दौरान अविनाश शर्मा ने भ्रष्टाचार के माध्यम से गृहनिर्माण समितियों और बिल्डरों को लाभ पहुंचाया और बदले में गिफ्ट के तौर पर बेहद कम दरों पर प्लॉट हासिल किये ।इन प्लॉट्स की खरीद के समय भी बाजार मूल्य करोड़ों रूपये में था।
