मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर अंकुश लगाने लगाई जा रही एच. आर.पी. क्लीनिक

1006 की जांच में 437 महिलाएं निकलीं हाईरिस्क गर्भवती
ग्वालियर – प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सोमवार को जिले के 23 सरकारी अस्पतालों में एक साथ एचआरपी क्लीनिक लगाकर गर्भवती माताओं की जांच की गई। क्लीनिकों पर 1006 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। इनमें से 437 महिलाओं को हाई रिस्क गर्भवती माताओं के रूप में चिन्हित किया गया।
ग्वालियर जिले में कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान की अगुवाई में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत हर माह की 9 व 25 तारीख की चिन्हित स्वास्थ्य संस्थाओं में एचआरपी क्लीनिक लगाकर हाइरिस्क गर्भवती माताओं की जांच की जाती है।
जिले में 23 स्वास्थ्य संस्थाओं में आयोजित हुई एचआरपी क्लीनिक में 1006 गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी, हीमोग्लोचिन सहित खून की अन्य जांचे और यूरिन की जांच भी कराई गई। इनमें से 437 महिलाओं को हाई रिस्क गर्भवती माताओं के रूप में चिन्हित किया गया। इनमें से 17 महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया और 116 महिलाओं की अल्ट्रासोनोग्राफी जांच की गई।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी-1 डॉ. दीपावली माथुर ने बताया कि हर माह की 9 एवं 25 तारीख को हाई रिस्क (अधिक जोखिम) वाली गर्भवती महिलाओं की जांच महिला चिकित्सक द्वारा की जाती है।
यहां आयोजित हुई क्लीनिक
जिले में जिन 23 स्वास्थ्य संस्थाओं में एचआरपी क्लीनिक लगाई गई। इनमें जिला चिकित्सालय मुरार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हस्तिनापूर, भितरवार, मोहना, डबरा व दीनदयालनगर शामिल हैं। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उटीला, चीनौर, वीरपुर, आतरी, पिछोर व कुलैध, प्रसूति गृह माधौगंज व बिरलानगर, यूपीएचसी लक्ष्मीगंज, हुरावली, पंतनगर, ठाठीपुर, बहोड़ापुर, निम्माजी की खो व सिविल हॉस्पिटल हजीरा , सिविल डिस्पेंसरी जनकगंज व सिविल अस्पताल हेमसिंह की परेड शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *