बीच बाजार में बदमाशों ने की फायरिंग, 5 गोली फायर की, एक गोली कांउटर में जा फंसी
दतिया. सोमवार की दोपहर लगभग 2.15 बजे बदमाशों ने बीच बाजार में दहशत फैदा दी है। पुरानी रंजिश के चलते 4 बदमाशों ने एक किराना दुकानदार पर 5 रांउड फायरिंग की है। गनीमत रही है कि किसी को जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।
घटना गांधी रोड स्थित पुराने एसबीआई बैंक के पास की है। जहां 18 वर्षीय शिव पटेरिया की किराना दुकान है। 2 बाइकों पर सवार होकर आये प्रज्जवल चौहान, कृष्णा दुबे, हर्ष उर्फ लाला यादव और एक अन्य बदमाश ने पहले शिव से गाली-गलौज की। विरोध करने पर चारों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और फायरिंग शुरू कर दी।
काउंटर में जा घुसी गोली
बदमाशों द्वारा की गयी फायरिंग में एक गोली किराना दुकान के काउंटर में जा फंसी। जबकि दूसरी गोली सामने स्थित जनरल स्टोर की दुकान के काउंटर में लगी। जिससे काउंटर का कांच टूट गया। घटना के बाद बदमाश फरार हो गये। जिनकी तस्वीरें गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।
एक माह पूर्व हुआ था झगड़ा
पीडि़त शिव ने बताया कि लगभग एक माह पहले प्रज्जवल चौहान और कृष्णा दुबे से उनका मुहवाद हुआ था। जिसके बाद से दोनों ने रंजिश मान ली थी। टीआई धीरेन्द्र मिश्रा के अनुसार चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिये टीमें लगाई गयी है।

