ग्वालियर के सागरताल पर बारात मे ंअंधाधुंध फायरिंग, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो, 3 युवक पुलिस के टारगेट पर
ग्वालियर. शादियों के मौसम में हर्ष फायरिंग की घटनायें थमने का नाम नहीं ले रही है। अभी हाल ही में ताजा मामला बहोड़ापुर थाना इलाके के सागरताल रोड का है। जहां पर एक युवक बारात में अपनी लायसेंसी हथियार से अंधाधुध फायरिंग करता हुआ दिखाई दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि जल्द ही युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानून कार्यवाही की जायेगी।
49 सेंकेण्ड का वीडियो आया सामने
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सामने आये 49 सेंकेण्ड के वीडियो में 3 युवक अपनी लायसेंसी हथियार से फायरिंग करते हुए दिखाई दिये है। हालांकि पुलिस अभी यह पुष्टि नहीं कर पायी है कि वीडियो कब का और किस जगह का है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
हर्ष फायरिंग पर बैन, फिर भी जारी घटनाएं
प्रदेश में किसी भी शादी या समारोह में हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुलिस के मुताबिक, ऐसी फायरिंग जानलेवा हो सकती है क्योंकि गोली किसी भी सतह से टकराकर लोगों को घायल कर सकती है। ग्वालियर-चंबल अंचल, खासकर भिंड, मुरैना और ग्वालियर में हर्ष फायरिंग के सबसे ज्यादा मामले सामने आते हैं। हर साल कई लोग इस वजह से घायल होते हैं और कुछ की जान भी चली जाती है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
