फायरिंग में पूर्व सरपंच के बेटे की मौत 5 घायल, परिवार की बहू और भाभी लेकर आयी बन्दूकें

ग्वालियर. जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के 2 पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया है। बुधवार की शाम को जमीनी विवाद को सुलझाने पंचायत बैठी थीं पंचायत में विवाद हुआ और इसके बाद गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा और इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक पूर्व सरपंच का बेटा है, जबकि 3 लोग घायल हो गये।
छूसरे पक्ष से भी 2 लोग घायल हुए है। घटना गिरवाई के गोकुलपुरा गिरवाई इलाके में बुधवार की शाम की है। फायरिंग की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया है। सभी घायलों को जयारोग्य चिकित्सालय पहुंचाया गया है। जहां 25 वर्षीय पुरूषोत्तम यादव को पुलिस ने मृत घोषित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला
शहर के गिरवाई थाना स्थित गोकुलपुरा में रहने वाले हुकुम सिंह यादव का अपने भाई पंचम सिंह यादव से पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। हुकुम सिंह का भाई शिवचरण सिंह यादव गोकुलपुरा का पूर्व सरपंच भी रहा है। जमीन का यह विवाद कोर्ट में भी जा चुका है। विवाद में कोर्ट ने हुकुम सिंह के पक्ष में फैसला किया था। इसके बाद भी दूसरा पक्ष मानने काे तैयार नहीं था। प्रशासनिक अधिकारी कई बार सुलह कराने का प्रयास कर चुके थे, लेकिन बात नहीं बन रही थी। बुधवार को कुछ रिश्तेदारों ने पंचायत बुलाकर दोनों पक्षों में बातचीत कराने की पहल की थी। ऐसे में गोकुलपुरा में बुधवार शाम पंचायत चल रही थी। इस बीच वहां पंचम सिंह की पत्नी कमला और बहू रजनी बंदूकें लेकर पहुंच गई। इसके बाद वहां रामबरन, दिनेश, रामू, रणवीर ने पिस्टल, माउजर और बंदूक से जमकर गोलियां चलाई हैं, बचाव में दूसरे पक्ष ने भी फायरिंग की है।
पूर्व सरपंच के बेटे की मौत
फायरिंग में हुकुम सिंह यादव के पाक्ष से उसके भाई बालमुकुन्द सिंह यादव, भाई पूर्व सरपंच शिवचरणसिंह यादव, भतीजा पुरूषोत्तम याद, भतीजा धीरज यादव का बेटा गोलियां लगने से घायल हो गये। जबकि दूसरे पक्ष से रामबरन सिंह उर्फ रामू, दिनेश यादव और रणवीर सिंह यादव घायल हो गये हैं।
फायरिंग की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने हालात को संभाला और सभी को जयारोग्य अस्पताल समूह के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने 25 वर्षीय पुरूषोत्तम सिंह यादव को मृत घोषित कर दिया है। जबकि बालमुकुंद, शिवचरण सिंह, भतीजा धीरजसिंह का बेटा घायल है। जिनका उपचार चल रहा है। जबकि दूसरे पक्ष से रामबरन उर्फ रामू, दिनेश और रणवीर जख्मी होकर पहुंचे है।
