बाजार में भीषण आग, कई दुकानें खाक

जबलपुर. कठौंदा स्थित थोक पटाखा बाजार में रविवार देर शाम भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बाजार की कई पटाखा दुकानें जलकर खाक हो गईं। घटनास्थल पर पटाखों के लगातार धमाके सुनाई दिए, जो कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दे रहे थे। बाजार में 47 से अधिक दुकानों में पटाखों का थोक विक्रय होता है, जिससे आग तेजी से विकराल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। घटना को अधिक समय हो चुका है, लेकिन अब भी आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो पाई है। कलेक्टर, एसपी और स्थानीय विधायक डॉ. अभिलाष पांडे घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी अपने निवास से कठौंदा रवाना हो गए।
मची अफरा-तफरी
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दुकान मालिकों और ग्राहकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने कहा कि प्राथमिकता आग पर काबू पाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
नुकसान का आंकलन अभी नहीं
पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। हादसे के बाद से बाजार के व्यापारियों में चिंता और भय का माहौल है। नुकसान का सही आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *