MP में टल सकता है BJP प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव
भोपाल. मध्य प्रदेश बीजेपी के 62 संगठनात्मक जिलों में से अब तक 59 जिलों के अध्यक्षों के नाम की घोषणा हो चुकी है। वहीं, इंदौर शहर, इंदौर ग्रामीण और निवाड़ी जिलों के अध्यक्षों की घोषणा को लेकर सियासी सस्पेंस बरकरार है। बताया जा रहा है कि बीजेपी जल्द ही इन तीनों जिलों के अध्यक्षों के नाम का ऐलान कर सकती है। इन सब के बीच मीडिया सूत्रों से बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, एमपी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव दिल्ली विधानसभा चुनाव के मतदान तक टल सकता है।
जानिए चुनाव टलने की वजह
एमपी बीजेपी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की रायशुमारी में हिस्सा लेने वाले प्रदेश परिषद के सदस्यों की सूची दिल्ली के केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया है। इस लिस्ट में 4 सांसद, 16 विधायक, हर विधानसभा से एक प्रतिनिधि के साथ दो-दो विधानसभाओं का एक क्लस्टर बनाकर प्रदेश परिषद के सदस्य बनाए गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष की रेस में इन नेताओं के नाम
गौरतलब है कि एमपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के स्थान पर नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान होना है। प्रदेश अध्यक्ष के लिए आधा दर्जन नेता प्रयासरत हैं, हालांकि प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी दूसरे कार्यकाल के लिए पूरी तरह से एक्टिव नजर आ रहे हैं। एमपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के लिए पूर्व मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, पन्ना विधायक और पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, और बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए प्रयास में लगे हुए हैं। वहीं, खरगोन के सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल का नाम संघ की ओर से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के लिए बढ़ाया गया है।
