लोकायुक्त पुलिस को मिली सौरभ की 50 से अधिक बेनामी संपत्ति, दुबई में प्रॉपर्टी की जांच
भोपाल. पूर्व परिवहन आरक्षक सौरभ शर्मा और उसके करीब चेतन सिं गौर के यहां लोकायुक्त छापे में मिले दस्तावेजों को खंगाल रही लोकायुक्त पुलिस को 50 से अधिक बेनाम संपत्तियों का पता लगा है। इनमें अधिकतर जमीनें होने की जानकारी है। जिनके नाम संपत्ति है उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। इसके बाद इन संपत्तियों को बेनामी घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही दुबई में भी सौरभ की संपत्ति का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बेनामी संपत्ति राजसात होगी
भ्रष्ट्राचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत बेनाम को आय से अधिक संपत्ति में शामिल किया जाता है। भ्रष्टाचार निवारण की विशेष न्यायालय के आदेश से ऐसी संपत्तियों को राज्य सरकार राजसात कर लेती है। सौरभ की बेनामी संपत्तियां मिलने पर भी इसी तरह की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
10 सवालों का 20 दिन बाद भी नहीं मिला जवाब
पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कहा है कि सौरभ शर्मा के यहां लोकायुक्त छापा और परिवहन घोटाले में मिला 54 किलो सोना, करोड़ों रुपये नगद एवं बेनामी संपत्ति के मामले में एक माह बाद भी कोई बड़ी कार्रवाई नजर नहीं आई है। उन्होंने कहा कि मैंने 20 दिन पहले भी सरकार से 10 प्रश्न किए थे, जिनका उत्तर आज तक नहीं मिल पाया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने सौरभ की परिवहन विभाग में नियुक्ति, उसकी गिरफ्तारी नहीं होने, उसके यहां कथित तौर मिली डायरी को सार्वजनिक करने, विभागीय जांच की स्थिति, ईओडब्ल्यू में हुई शिकायत को जांच में क्लीन चिट देने पर प्रश्न उठाए थे।
