पढ़े-लिखे सहरिया युवाओं को सरकारी विभागों में दें सीधे ही नौकरी – डॉ. कुंवर विजय शाह

ग्वालियर – विशेष पिछड़ी जनजातियों में शुमार सहरिया जनजाति के पढ़े-लिखे युवाओं को विभिन्न विभागों में रिक्त तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के पदों पर बगैर परीक्षा के सीधे ही नौकरी प्रदान करें। सभी जिला कलेक्टर न्यूनतम अर्हता रखने वाले सहरिया युवकों से आवेदन लेकर उन्हें सरकार की मंशा के अनुरूप नियुक्ति दिलाएं। यह बात जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कही। जनजाति कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह ने कहा कि आजादी के बाद देश में पहली बार खासतौर पर विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र विकास व कल्याण के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा क्रांतिकारी पहल की गई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस दिशा में पीएम जनमन अभियान शुरू किया है। मंत्री डॉ. शाह ने बैठक में प्रत्यक्ष व वर्चुअल रूप से मौजूद दोनों संभागों के कलेक्टर एवं जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम जनमन अभियान में शामिल 9 विभागों की 11 योजनाओं के लाभ से एक भी सहरिया परिवार छूटना नहीं चाहिए। ज्ञात हो देश की विशेष पिछड़ी जनजातियों में मध्यप्रदेश की सहरिया, बैगा व भारिया जनजाति शामिल हैं। प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों सहित 24 जिलों में पीएम जनमन अभियान चलाया जा रहा है।
सहरिया बुजुर्गों के लिये हर जिले में बनाएँ वृद्धाश्रम, सरकार देगी पैसा
जनजातीय कार्य मंत्री ने बैठक में कहा कि सरकार विशेष पिछड़ी जनजातियों के बुजुर्गों को आश्रय देने के लिये हर जिले में वृद्धाश्रम स्थापित करायेगी। उन्होंने ग्वालियर व चंबल संभाग के सभी जिला कलेक्टरों को कहा कि वे अपने-अपने जिले में सहरिया जनजाति के बुजुर्गों के लिये वृद्धाश्रम बनवाएं। वृद्धाश्रमों के निर्माण के लिये राज्य सरकार धनराशि उपलब्ध करायेगी। कुछ गाँवों को सौर ऊर्जा से रोशन कर बिजली बिल फ्री बनाएँ
वे अपने-अपने जिलों के पायलट प्रोजेक्ट बतौर सहरिया जनजाति की कुछ गाँवों में नवीन एवं नवकरणीय विभाग के सहयोग से प्रत्येक सहरिया परिवार के घर में सौर ऊर्जा से संचालित एलईडी बल्ब व पंखे लगवाएं, जिससे ये गाँव बिजली बिल फ्री हो सकें। इन गाँवों में सौर ऊर्जा उपकरण लगाने में जनजातीय कार्य विभाग से धनराशि उपलब्ध कराई जायेगी। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है पीएम जनमन व धरती आबा अभियान
तुलसीराम सिलावट ने बैठक में कहा कि पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। इसलिये सभी अधिकारी इन दोनों अभियानों को गंभीरता से लें और सरकार की मंशा के अनुरूप हर पात्र परिवार को योजना का लाभ दिलाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *