सिविल अस्पताल हजीरा में जुड़े अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं के बड़े-बड़े आयाम 

आईसीयू, सीटी स्कैन व अल्ट्रासोनोग्राफी मशीनों का हुआ लोकार्पण 
ग्वालियर – उप नगर ग्वालियर स्थित सिविल अस्पताल हजीरा में शनिवार को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े-बड़े आयाम जुड़े हैं। जिसमें 32 स्लाईस सीटी स्कैन मशीन, अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से सुसज्जित आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) शामिल है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की पहल पर इस अस्पताल का कायाकल्प हुआ है। उन्होंने अपने ज्येष्ठ भ्राता स्व. देवेन्द्र सिंह तोमर की स्मृति में साझा प्रयासों से सिविल अस्पताल हजीरा में यह स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिये यह अस्पताल सही मायने में मानव सेवा के मंदिर का रूप ले रहा है।
शनिवार को ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने अपनी माताश्री श्रीमती सुधा तोमर के कर कमलों से सिविल अस्पताल हजीरा में सीटी स्कैन व अल्ट्रा सोनोग्राफी मशीन एवं आईसीयू का शुभारंभ कराया। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर एवं मौके पर जाकर लोकार्पण व शुभारंभ किया। इस पुनीत अवसर पर पूरे जनवरी माह तक आयोजित होने जा रहे नि:शुल्क नेत्र शिविर एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी सिविल अस्पताल में हुआ। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कार्यक्रम में घोषणा की कि सभी के साझा प्रयासों से सिविल अस्पताल में कैथ लैब (हृदय रोग चिकित्सा इकाई) की स्थापना भी कराई जायेगी।
अस्पताल के दरवाजे से कोई भी मरीज बिना इलाज के न लौटने पाए 
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हम सबके ऐसे प्रयास हों कि सिविल अस्पताल हजीरा में हर प्रकार की बीमारी का इलाज हो। अस्पताल के दरवाजे से कोई भी व्यक्ति बिना इलाज के लौटने न पाए। इसके लिये सभी लोग एकजुट होकर अस्पताल में नई-नई स्वास्थ्य सुविधायें जोड़ने में योगदान दें। आप सबके द्वारा दिया गया एक रूपए का दान भी महत्वपूर्ण होगा। जो आर्थिक रूप से मदद नहीं कर पा रहे हैं वे श्रमदान करें, जिससे सभी को यह महसूस हो कि यह अस्पताल उनका अपना अस्पताल है।
पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन के सौजन्य से मिली हैं सीटी स्कैन व अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन
पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने सीएसआर मद से 3 करोड़ रूपए की धनराशि सिविल अस्पताल हजीरा में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिये उपलब्ध कराई है। इस मद से 32 स्लाईस सीटी स्कैन मशीन व अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन खरीदी गई है। साथ ही फर्नीचर व एसी और दो कक्षों का नवीनीकरण किया गया है।
मदद के लिए बढ़े हाथ, पहले दिन अस्पताल को मिला लगभग 14 लाख का दान 
सिविल अस्पताल हजीरा में आयोजित हुए आईसीयू एवं सीटी स्कैन मशीन के शुभारंभ कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री ने अपने स्व. बड़े भाई को याद करते हुए मार्मिक उदबोधन का कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों पर गहरा असर हुआ। उनके आह्वान पर देखते ही देखते रोगी कल्याण समिति की दान पेटी व खाते में 14 लाख रूपए जमा हो गए। सुरेश सिंह यादव व सुनील यादव ने अस्पताल के आधुनिकीकरण के लिये 5 लाख रूपए का दान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *