RSS के 3 दिवसीय शताब्दी संकल्प शिविर के लिये मेला मैदान में तैयार हो रही टेंट सिटी
संघ के सह सरकार्यवाह रामदत्त व मुकुल कानिटकर देंगे मार्गदर्शन
ग्वालियर -राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मध्यभारत प्रांत का 3 दिवसीय ‘शताब्दी संकल्प शिविर’ 4 से 6 दिसंबर तक ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा। संघ के शताब्दी वर्ष के तहत होने जा रहे इस प्रदेश स्तरीय आयोजन में मध्यभारत प्रांत के 31 जिलों से करीब 3 हजार महाविद्यालयीन विद्यार्थी और स्वयंसेवक शामिल होंगे। शिविर के लिए मेला मैदान में तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रतिभागियों के ठहरने के लिए यहां टेंट सिटी विकसित की जा रही है। इसे तैयार करने के लिए जेसीबी और डंपर दिन-रात काम में जुटे हैं। मैदान के गड्ढों में मिट्टी डालकर जमीन समतल की जा रही है।
युवाओं को राष्ट्रबोध कराने पर रहेगा फोकस
शिविर में युवाओं में राष्ट्रबोध, सामाजिक चेतना, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक जीवन की समझ विकसित करने पर जोर रहेगा। तीन दिवसीय वाले इस आयोजन में संघ के सह सरकार्यवाह रामदत्त, राष्ट्रीय पदाधिकारी मुकुल कानिटकर सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। अलग-अलग जिलों से आने वाले विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को सामूहिक गतिविधियों के साथ विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।
जोरों से चल रही तैयारियां
आयोजन की तैयारियों को लेकर गत दिवस मेला मैदान में बैठक आयोजित की गई। इसमें संघ के प्रांत सह कार्यवाह विजय दीक्षित और विभाग सह कार्यवाह मुनेन्द्र कुशवाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में संघ के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ आनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
सुबह 5 से रात 10.30 बजे तक होंगी गतिविधियां
शिविर की दिनचर्या सुबह 5 बजे से शुरू होकर रात 10.30 बजे तक चलेगी। इस दौरान विभिन्न सत्र और सामूहिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से युवाओं को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के साथ राष्ट्र और समाज के प्रति उनकी भूमिका पर विचार-विमर्श होगा।
150 स्वयंसेवकों को सौंपी संचालन व्यवस्था
तीन दिवसीय आयोजन की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 150 स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अंतिम दिन पथ संचलन निकाला जाएगा। यह मेला मैदान से शुरू होकर गोला का मंदिर क्षेत्र तक पहुंचेगा। मार्ग में जगह-जगह आमजन की ओर से पुष्पवर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया जाएगा। इसके लिए संघ के विभिन्न प्रकल्पों से गणनायक बनाए गए हैं, जिन्हें स्वागत और आमजन की सहभागिता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
