8.27 करोड़ रूपये में किया गया सौन्दयीकरण वॉटर बॉडीज की सांसें थमी, कटारोताल, बैजाताल के म्यूजिकल फाउंटेन बंद
ग्वालियर. वॉटर बॉडीज के स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में श्रेणी के 150 अंक हासिल करने के लिये नगर निगम ने सर्वे से पहले शहर के प्रमुख जलस्त्रोतों को दुल्हन की तरह से सजाया था। कटोराताल, लक्ष्मण तलैया और बैजाताल में साफ-सफाई करायी गयी थी। पानी को साफ दिखाने की व्यवस्था की और सुंदर तस्वीरों के माध्यम बेहतर हालात पेश किये गये।
लेकिन सर्वे के लिये आयी टीमों के लौटते ही जिम्मेदारों ने इनकी सुध लेना छोड़ दिया। परिणाम यह रहा कि लाखों रूपये खर्च करने और रख-रखाव के दावों बावजूद यह जलस्त्रोतों फिर से गंदगी, काई और -बदबूदार पानी और अव्यवस्था की चपेट में आ गये। केन्द्र सरकार के आश्वासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की रैकिंग अभी जारी नहीं की है। लेकिन जिन जलस्त्रोतां की सफाई के दम पर नगरनिगम अंक जुटाने की तैयारी की थी। उनकी हालत के परिणाम आने से पहले ही बिगड़ने लगी है। इन स्थलों का जायजा लिया तो सर्वे के समय किये गये इंतजाम और मौजूदा स्थिति में बड़ा अंतर दिखाई दिया है।
लक्ष्मण तलैया
साल 2025 में इसके जीर्णोद्धार पर 70 लाख रुपए खर्च किए गए। दो फाउंटेन लगाए गए। सर्वे के दौरान यहां की सारी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद थीं, ताकि टीम को जलस्रोत की बेहतर तस्वीर दिखाई जा सके।
यहां पानी की स्थिति बाकी जलस्रोतों के मुकाबले ठीक है, लेकिन दोनों फाउंटेन खराब पड़े थे। निरीक्षण के दौरान उन्हें ठीक करने का काम चल रहा था। फाउंटेन बंद होने से परिसर की रौनक भी फीकी नजर आई।
कटोराताल
यहां के रखरखाव की जिम्मेदारी वर्तमान में ग्वालियर स्मार्ट सिटी की है। इसे वाटर बॉडीज में सर्वे का हिस्सा बनाया था। उस वक्त पूरे ताल को खाली कर पीने का लाखों लीटर पानी भरा था और सफाई भी की गई थी।
पानी में काई अब सतह पर तैर रही है। इससे पानी की स्थिति खराब नजर आ रही है। परिसर में झूले, बेंच और गमले टूटे पड़े हैं। रखरखाव के अभाव में यहां की व्यवस्थाएं बदहाल हो गई हैं।
बैजाताल
सर्वे के दौरान बैजाताल का पूरा परिसर साफ था। यहां सीवर के पानी को ट्रीट कर जलस्रोत में भरा गया। टीम के निरीक्षण के समय बोट चलती थीं। गंदे पानी की बदबू दबाने के लिए फाउंटेन भी चलाए जा रहे थे।
अब पूरा पानी ग्रीन हो चुका है। फव्वारे बंद पड़े हुए है। बोटिंग भी नहीं की जा रही है। जगह-जगह कचरा पड़ा नजर आता है। टूटी बोट भी पड़ी हुई है। पानी के री-यूज के मोटर पंप तक गायब हैं।
शहर की वाटर बॉडीज साफ कराएंगे
जिन वाटर बॉडीज का स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान सर्वे हुआ था। यदि वहां पर कोई समस्या हैं, तो उसको ठीक करा दिया जाएगा।
अभिषेक चौधरी, आयुक्त ननि
