कूनो में 3 मादा चीतों और 12 शावकों को खुले जंगल में छोड़ने की तैयारी, पर्यटक देख सकेंगे कुनबा

श्योपुर. कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल में अगले तीन महीने में चीतों की संख्या दोगुनी से ज्यादा होने की उम्मीद है। दिसंबर में भारत में जन्मी तीसरी पीढ़ी की मादा चीता मुखी और उसके पांच शावकों को खुले जंगल में छोड़े जाने के बाद चीतों की संख्या 19 से बढ़कर 25 हो जाएगी। इसके बाद अगले तीन महीनों में मादा चीता आशा, गामिनी और ज्वाला को भी उनके कुल 12 शावकों के साथ जंगल में छोड़ने की तैयारी है। इससे खुले जंगल में चीतों की कुल संख्या करीब 40 तक पहुंच जाएगी।
दिसंबर में पर्यटन का मुख्य सीजन शुरू
वर्तमान में खुले जंगल में चार शावकों सहित 19 चीते मौजूद हैं। नियमानुसार शावकों को 11 से 13 माह की उम्र में मां के साथ खुले जंगल में छोड़ा जाता है। मुखी का परिवार जंगल में जाना परियोजना की नई पीढ़ी को स्थापित करने की दिशा में अहम कदम होगा। वहीं, सफारी करने वाले पर्यटकों को अब अकेले चीतों के बजाय मां के साथ शावकों के पूरे परिवार का दीदार हो सकेगा। अक्टूबर से खुल चुके पार्क के तीनों गेटों से अभी रोजाना करीब 40 से 50 पर्यटक सफारी के लिए पहुंच रहे हैं। दिसंबर में पर्यटन का मुख्य सीजन शुरू होने और चीता परिवारों की संख्या बढ़ने से पर्यटकों का आंकड़ा दोगुना होकर 100 तक पहुंचने की उम्मीद है। कूनो सिंह परियोजना के सीसीएफ उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि सभी चीते खुले जंगल में छोड़े जाने हैं, हालांकि अभी इसका समय निश्चित नहीं किया गया है।
ऐसे बढ़ेंगे चीते और ये है शावकों की उम्र
वर्तमान में खुले जंगल में 19 चीते हैं। दिसंबर में मुखी और उसके 1 साल पूरे कर चुके 5 शावक छोड़े जाएंगे, जिससे संख्या 25 होगी। इसके बाद अगले तीन महीनों में आशा और उसके करीब 9 माह के 4 जीवित शावक, गामिनी और 9-10 माह के 3 शावक तथा ज्वाला और 8-9 माह के 5 शावक जंगल में छोड़े जाने पर कुल संख्या 40 तक पहुंच जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *