रेलवे के काम से ग्वालियर के यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, 1-2 दिसंबर को 4 ट्रेनें निरस्त; ताज एक्सप्रेस आगरा तक

ग्वालियर. झांसी-आगरा रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। धौलपुर-आगरा कैंट रेलखंड में खारी नदी पुल पर गार्डर बदलने का काम शुरू होने जा रहा है। इसके चलते एक दिसंबर से झांसी-आगरा के बीच चलने वाली चार ट्रेनें लगातार दो दिन निरस्त रहेंगी।
झांसी-नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस का संचालन भी होगा प्रभावित
वहीं, झांसी-नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित होगा। रेलवे के अनुसार, जाजऊ-भांडई स्टेशन के बीच खारी नदी पुल (ब्रिज संख्या 1331/1) पर 30 नवंबर से दो दिसंबर तक री-गर्डरिंग का काम किया जाएगा। इसके चलते ट्रेन संख्या 11901, 11902, 11807 और 11808 एक और दो दिसंबर को नहीं चलेंगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 12279/12280 ताज एक्सप्रेस 30 नवंबर से दो दिसंबर तक झांसी के बजाय आगरा कैंट स्टेशन से ही शुरू और समाप्त होगी। ऐसे में ग्वालियर से दिल्ली जाने और लौटने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ सकती है।
ग्वालियर से मुंबई के लिए दिसंबर में मिलेगी विशेष ट्रेन
मुंबई जाने वाले ग्वालियर के यात्रियों को दिसंबर में भी विशेष ट्रेन की सुविधा मिलती रहेगी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांद्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन के संचालन में चार-चार फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन ग्वालियर होकर गुजरती है, जिससे यहां के यात्रियों को मुंबई की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। गाड़ी संख्या 02199 झांसी-बांद्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन तीन से 24 दिसंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 02200 बांद्रा टर्मिनस-झांसी विशेष ट्रेन पांच से 26 दिसंबर तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। दोनों दिशाओं में चार-चार अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं। ट्रेनों में 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। यात्रियों को ग्वालियर में ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय की जानकारी एनटीईएस से लेने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *