ग्वालियर में 16 जनवरी के बाद तोड़े जाएंगे 52 मकान और 22 दुकानें
ग्वालियर. फूलबाग स्थित लक्ष्मीबाई समाधि स्थल से ट्रिपल आईटीएम तक बनाए जा रहे एलिवेटेड रोड फेज-1 के निर्माण कार्य में बाधा बनने वाली संपत्तियों से अतिक्रमण 16 जनवरी के बाद हटाया जाएगा। इसकी तैयारियां जिला प्रशासन, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और भू-अर्जन सहित संबंधित विभाग द्वारा पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही गिरवाई से फूलबाग तक एलिवेटेड रोड दसरे फेज का कार्य इसी सप्ताह से शुरू कर दिया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने बताया कि एलिवेटेड रोड फेज-1 के निर्माण कार्य में बाधा बनने वाली 22 दुकानों को पूर्व में ही हटाया जा चुका है लेकिन अब 52 मकान और 22 दुकानों को जल्द ही तोडा जाएगा। इसके लिए निजी स्वामित्व की जगह और मकानों को पहले अधिग्रहण किए जाने का कार्य भी अंतिम चरण में है इसके बाद तोडफोड का कार्य शुरू होगा। अधिग्रहण के लिए कलेक्ट्रेट की भू-अर्जन शाखा की ओर से अंतिम नोटिस भी पूर्व में जारी किया जा चुका है।
लक्ष्मीबाई समाधि स्थल से ट्रिपल आईटीएम तक 6.5 किमी लंबे एलिवेटेड रोड निर्माण में लक्ष्मीबाई समाधि स्थल रेलवे क्रॉसिंग के पास 21 मकान, हजीरा पुल के पास 31 मकान व दुकान, ज्वाला प्रसाद का पुरा में 7 मकान, रमटापुरा पुल के पास 9 मकान और राधा बिहार में 6 मकान और कुछ खाली प्लॉट से अतिक्रमण हटाया जाएगा। एलिवेटेड रोड निर्माण में कार्य में सबसे अधिक बाधा हजीरापुल के पास बनी 22 दुकानें थी। इनमें से इन सभी दुकानों को तोड़ा जा चुका है और सभी दुकानदारों को पीछे शिफ्ट किया गया है।
