सिलेंडर 54 रुपए महंगा, सब्सिडी में भी आया अंतर
भोपाल. रसोई गैस की बढती कीमतों से लोग हलाकान हो रहे है। मध्य प्रदेश के राजगढ जिले के सारंगपुर में गैस सिलेंडर पूरे 54 रुपए महंगा मिल रहा है। यहां सिलेंडर 880 रुपए में दिया जा रहा है जबकि पास ही के पचोर में 826 रुपए में गैस सलेंडर मिल रहा है। सारंगपुर में भारत गैस की कीमत में यह अंतर आ रहा है। इसी के साथ सब्सिडी में काफी अंतर है। उपभोक्ता इसकी लगातार शिकायत कर रहे है पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
भारत गैस कंपनी के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से सारंगपुर के लोग परेशान हो रहे है। भारत गैस का सिलेंडर पचोर में 826 रुपए में मिल रहा है वहीं सारंगपुर में यहीं सिलेंडर 880 रुपए में दिया जा रहा है। इस प्रकार करीब 54 रुपए का अंतर आ रहा है। उपभोक्ता इसकी शिकायत संबंधित एजेंसी योगिता गैस एजेंसी पर करने पहुंच रहे है। सिलेंडर के दाम में अंतर को लेकर एजेंसी संचालक स्पष्ट जबाव नहीं दे पा रहे है।
संचालक का कहना है कि सिलेंडर के अलग-अलग दाम को लेकर हमने भी ऊपर शिकायत की है। वैसे गैस सिलेंडर के दाम दूरी के हिसाब से तय होते हैं लेकिन नगर में बिल्कुल उल्टा हो रहा है। सारंगपुर में भारत गैस का सिलेंडर 882 रुपए में मिल रहा है वहीं सारंगपुर से 30 किमी दूर संडावता में भी 880 रुपए में ही सिलेंडर मिल रहा है। ऐसे में सारंगपुर के उपभोक्ताओं को भारत गैस सिलेंडर के लिए अधिक दाम देने पड़ रहे हैं। वहीं सब्सिडी में भी अंतर आ रहा है।
