MP में सर्द हवाओं से ठंड बढ़ी
भोपाल. उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं की वजह से मध्य प्रदेश के सभी जिलों में ठिठुरन बढ़ गई है। खासकर पश्चिमी मध्य प्रदेश के इलाकों में दिन और रात के तापमान में सोमवार को भारी गिरावट हुई। प्रदेश में सबसे ठंडा जिला राजगढ़ रहा, जहां रात का पारा 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह तापमान पचमढ़ी से भी कम है। पचमढ़ी का पारा 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को इंदौर का अधिकतम तापमान भी 5.8 डिग्री लुढ़ककर 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस ही रहा।
प्रदेशभर में तापमान में गिरावट
राजधानी भोपाल के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट हुई और यह 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं ग्वालियर में अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई, जो 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
