पंकज श्रीवास्तव को बनाया स्पेशल डीजी एंटी नक्सल ऑपरेशन

भोपाल. बालाघाट नक्सल ऑपरेशन की कमान स्पेशल डीजी पंकज श्रीवास्तव को सौंपी है। 1992 बैच के आईपीएस और स्पेशल डीजी एसटीएम पंकज श्रीवास्तव के पास स्पेशल डीजी एंटी नक्सल ऑपरेशन के साथ एसटीएफ का चार्ज भी बना रहेगा। इसके अलावा 2021 बैच के आईपीएस और एसडीओपी बामौर जिा मुरैना आदर्श कांत शुक्ला को भी प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एंटी नक्सल ऑपरेशन बालाघाट पदस्थ किया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव 3 दिसंबर को बालाघाट पहुंचे थे, उन्होंने वहां नक्सल मूवमेंट की जानकारी लेकर अफसरों के साथ बैठक भी की थी। सीएम यादव ने यहां बैठक में कहा था कि नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। उन्होंने नक्सल प्रभावी क्षेत्रों में गश्त बढाते हुए मुखबिर व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री यादव ने निर्देश दिए कि 36वीं बटालियन, हॉक फोर्स सहित सभी स्पेशल फोर्स एक्टिव होकर जिम्मेदारी से कार्य करें।
यहां हुई बैठक में मुख्यमंत्री यादव ने बालाघाट में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर जन-प्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की थी। उन्होंने आईजी संजय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक नागेंद्र कुमार द्वारा जिले में नक्सल गतिविधियों के उन्मूलन के उद्देश्य से तैयार की गई योजना के प्रेजेंटेशन का अवलोकन भी किया था। बैठक में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा एवं बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री लखन पटेल, सांसद भारती पारधी, विधायक गौरव पारधी, विधायक राजकुमार कर्राहे, विधायक मधु भगत, विधायक विक्की पटेल, पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे, पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *