MP के मंत्री पर फिर लटकी तलवार
भोपाल. मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग पर एक बार फिर कानूनी कार्रवाई की तलवार लटकती दिख रही है। मध्यप्रदेश कांग्रेस उन पर एफआईआर दर्ज कराने अब कोर्ट की शरण ले रही है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने मंत्री सारंग को नर्सिंग घोटाले का मास्टरमाइंड बताया और कहा कि कांग्रेस उन्हें छोड़ेगी नहीं, उनके खिलाफ हर हाल में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जीतू पटवारी ने राज्य की कानून व्यवस्था के मामले में प्रदेश सरकार को घेरा।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा की। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। छतरपुर में छात्र द्वारा प्रिंसीपल की हत्या की वारदात का जिक्र करते हुए उन्होंने सीएम मोहन यादव पर भी हमला बोला। पटवारी ने कहा कि कानून व्यवस्था की ऐसी चुनौतियों के समय सीएम बिलियर्ड्स खेल रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने नर्सिंग घोटाले का भी मुद्दा उठाया। इस मामले में प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग को मास्टरमाइंड बताते हुए उनपर जोरदार हमला किया। पटवारी ने कहा कि सारंग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए अब कांग्रेस कोर्ट जाएगी। हम इस मामले को छोड़ेंगे नहीं।
