संसद में नोटकांड में हंगामा, खड़गे ने नाम लेने पर जताई आपत्ति, नड्डा बोले-यह सदन की गरिमा पर चोट, जांच जारी

नई दिल्ली. संसद के चालू शीतकालीन सत्र का 10वां और दूसरे हफ्ते की कार्यवाही का अंतिम दिन है। शुरूआती 6 में से 5 दिन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ जाने के बाद संसद की कार्यवाही पटरी पर लौट चुकी है। दूसरी तरफ राज्यसभा में नोटकांड पर भारी हंगामा हुआ है। सभापति ने एक दिन पूर्व कार्यवाही समाप्त होने के बाद कांग्रेस की बेंच से 500 के नोट की गड्डी मिलने की जानकारी दी और कहा है कि इसकी जांच हो रही है।
अडाणी मुद्दे पर एक दिन पहले भी विपक्षी सदस्यों ने संसद में हंगामा किया था। आज भी कांग्रेस सांसद मनिक्कम टैगोर ने लोकसभा में इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। आज सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर को महापरिनिर्वाण दिवस पर संसद के लॉन में श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
