तानसेन समारोह में 8 वाद्यों के 350 कलाकारों की प्रस्‍तुति के साथ गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी

ग्वालियर. हर साल ग्वालियर में आयोजित किए जाने वाले तानसेन समारोह में कई बड़े-बड़े कलाकार आकर अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं। इस बार इस कार्यक्रम का शताब्दी वर्ष है। पिछले 100 वर्षों से यह कार्यक्रम लगातार आयोजित हो रहा है। 15 दिसंबर से शुरू हो रहे कार्यक्रम में देशभर के कलाकार अपनी कला से श्रोताओं का मन मोहेंगे। इसको लेकर गुरुवार को प्रेस वार्ता में संस्कृति संचालनालय एनपी नामदेव ने बताया कि तानसेन समाधि स्थल, हजीरा, ग्वालियर में आयोजित मुख्य समारोह में 100 से अधिक भारतीय और 10 विदेशी संगीतज्ञों को संगीत सभाएं सजेंगी।
वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी
तानसेन शताब्दी समारोह के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न प्रकार के वाद्य यंत्रों के साथ वृहद शास्त्रीय बैंड की समवेत प्रस्तुति संयोजित की जा रही हैं। शुभारंभ के अवसर पर इस प्रस्तुति में 8 विविध वाद्यों के लगभग 350 कलाकारों की प्रस्तुति की तैयारी की जा रही है। इसमें सितार, संतूर, हारमोनियम, तबला इत्यादि वाद्य सम्मिलित होंगे। इस प्रस्तुति की धुन बांसुरी वादक रोनू मजूमदार द्वारा रची गई है।
गौरतलब है कि वर्तमान में 3 विविध वाद्यों के साथ कुल 250 वाद्य प्रस्तुति का रिकॉर्ड है। विभाग की प्रस्तुति को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास रहेगा। इस अवसर पर उपस्थित एमपी टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक बिदिशा मुखर्जी ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा तानसेन समारोह में देश एवं दुनिया से आने वाले मेहमानों को प्रदेश की समृद्ध कला एवं संस्कृति से अवगत कराया जाएगा। मध्यप्रदेश की हस्तशिल्प कला और वस्त्र बुनाई की जीवंत प्रस्तुति शिल्पकारों द्वारा दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *