NDRF ने भूकंप से प्रभावित लोगों को बचाने का किया जीवंत प्रदर्शन
ग्वालियर – भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से किस प्रकार त्वरित कार्रवाई कर जान-माल के नुकसान को कम से कम किया जा सकता है, इस सबका जीवंत प्रदर्शन NDRF,SDRF, जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम के संयुक्त दल द्वारा किया गया। नगर निगम मुख्यालय भवन पर सफल बचाव कार्य का जीवंत प्रदर्शन कर गाजियाबाद से आए 8जी एनडीआरएफ के दल ने सभी को सुखद रोमांच से अभिभूत कर दिया। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय भवन पर भूकंप से बचाव संबंधी प्रभावी मॉक एक्सरसाइज की गई।
8जी एनडीआरएफ के सहायक सेनानी श्री अनिल कुमार के नेतृत्व में गाजियाबाद से आए 30 सदस्यीय दल एवं स्थानीय एसडीआरएफ के दल ने जिला प्रशासन, नगर निगम व पुलिस की मदद से बचाव कार्य का जीवंत प्रदर्शन किया।
इस मॉक एक्सरसाइज में सबसे पहले मॉक भूकंप आने की सूचना जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ व नगर निगम को दी गई। सूचना पर सभी दल तत्काल नगर निगम मुख्यालय पहुँचे और कार्रवाई शुरू की। स्थिति बिगड़ने पर एनडीआरएफ को सूचित किया गया। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुँचने के बाद कैनाइन सर्च, तकनीकी सर्च व मैन्युअल सर्च के जरिए यह पता लगाया कि भूकंप से क्षतिग्रस्त भवन में कहां-कहां लोग फंसे हैं। इसके बाद अपनी जान जोखिम में डालकर एनडीआरएफ के जाबाजों ने रस्सों की मदद से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके पश्चात एम्बूलेंस से बचाए गए लोगों को प्राथमिक चिकित्सा के लिये अस्पताल भेजा गया।
