संभल की जामा मस्जिद में 3 हजार से अधिक पहुंचे नमाजी, सर्वे के बाद पहला था जुमा

ड्रोन से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

संभल. जामा मस्जिद में सर्वे के बाद शुक्रवार को पहला जुमा था। 1600 से अधिक जवानों की सुरक्षा में नमाज अदा कराई गयी। संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क जामा मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे। आमतौर पर जुमे दिन यहां पर 400-500 लोग नमाज अदा करने के लिये पहुंचते थे। लेकिन 19 नवम्बर को किये गये सर्वे के बाद शुक्रवार को 3 हजार से अधिक नमाज अदा करने पहुंचे। भारी तादाद के चलते मस्जिद का गेट बन्द करना पड़ा, ऐलान किया गया कि दूसरी मस्जिद में जाकर नमाज पढ़ें।
दरअसल, काशी और मथुरा के बाद संभल की शाही जामा मस्जिद चर्चा में है। हिन्दू पक्ष का दावा है कि यह जगह पहले श्री हरिहर मंदिर हुआ करता था। जिसे बाबर ने 1529 में तुड़वाकर मस्जिद बनवा दिया। मस्जिद के भीतर शिवलिंग होने का भी दावा किया गया है।
19 नवंबर को हिंदू पक्ष की याचिका पर हुआ था सर्वे
संभल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में हिंदू पक्ष ने 19 नवंबर को याचिका लगाई। 95 पेज की याचिका में हिंदू पक्ष ने दो किताब और एक रिपोर्ट को आधार बनाया है। इनमें बाबरनामा, आइन-ए-अकबरी किताब और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की एक 150 साल पुरानी रिपोर्ट शामिल है। संभल की सिविल कोर्ट ने उसी दिन कमिश्नर सर्वे का आदेश दिया था। इस आदेश के कुछ ही घंटों बाद कमिश्नर टीम ने सर्वे किया था। सर्वे की रिपोर्ट एक सप्ताह में सौंपनी है। सिविल कोर्ट के इस आदेश के खिलाफ जामा मस्जिद पक्ष ने अपील दाखिल की है। मामले पर अगली सुनवाई 29 नवंबर को होगी।

क्या है पूरा मामला…

संभल की शाही जामा मस्जिद का मामला कोर्ट में पहुंच गया था। कैलादेवी मंदिर के महंत ऋषि राज गिरि महाराज ने 19 नवंबर को दोपहर डेढ़ बजे सिविल कोर्ट में याचिका लगाई। सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह की अदालत ने ढाई घंटे में ऑर्डर कर दिया। कहा- मस्जिद का सर्वे होगा। वीडियो और फोटोग्राफी कराकर रिपोर्ट 7 दिन में दाखिल करें। अदालत ने एडवोकेट कमिश्नर नियुक्त किया। उसी दिन शाम 4 बजे आदेश आने के महज 2 घंटे के भीतर शाम सवा छह बजे सर्वे के लिए टीम जामा मस्जिद पहुंच गई। डीएम राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी साथ रहे। 2 घंटे के सर्वे के बाद टीम रात करीब पौने 8 बजे बाहर आई थी। महंत ऋषि राज गिरि ने दावा किया कि शाही जामा मस्जिद श्रीहरिहर मंदिर है। मस्जिद में मंदिर के कई प्रमाण हैं। यहीं पर भगवान विष्णु के दशावतार कल्कि का अवतार होना है। शाही जामा मस्जिद सदर कोतवाली क्षेत्र के कोट पूर्वी में स्थित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *