डबरा के सराफा के कपड़ा गोदाम में लगी आग, 30 मिनट के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
ग्वालियर. डबरा के सबसे पॉश इलाके सराफा बाजार में बुधवार को एक कपड़ा गोदाम में आग लग गयी। सूचना मिलने के बाद पहुंची फायर बिग्रेडों ने जब तक आग बुझाई तब गोदाम में रखे कंबल, चादर और अन्य कपड़े जलकर राख हो चुके थे। कपड़ा व्यापारी द्वारा लगभग 8 से 10 लाख रूपये का नुकसान होना बताया जा रहा है। आग बुझाने के लिये नपा ने फायर अनट्रेंड कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरण और अपर्याप्त संसाधनों के भेज दिया जिससे आग बुझाने में काफी मेहनत करनी पड़ी और देरी हुई।
क्या है घटनाक्रम
शहर के सराफा बाजार में पगड़ी, कपड़ा कारोबारी सुरेश, तरुण बोधानी की दुकान है। दुकान के सामने ही स्थित एक गली में दो मंजिला मकान में नीचे की मंजिल पर उनका गोदाम है। वहीं ऊपरी मंजिल पर किराएदार रहते हैं। बुधवार की दोपहर करीब 12:30 बजे नीचे की मंजिल बने कपड़ा गोदाम में अचानक आग लग गई और गोदाम के अंदर से धुंआ निकलने लगा। देखते ही देखते गोदाम में से आग की लपटें और धुंऐ के गुबार निकलने लगे। करीब 30 मिनट बाद मौके पर नगर पालिका की फायर ब्रिगेड पहुंची और आग बुझाना शुरु किया। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद डबरा के साथ ही बिलौआ क्षेत्र से पहुंची फायर बिग्रेड ने स्थानीय लोगों की मदद से पानी फैंककर आग पर काबू पाया। लेकिन जब तक गोदाम में रखा कपड़ा पूरी तरह से जल चुका था।
आग की खबर मिलते ही पहुंची फायर ब्रिगेड
आग की सूचना मिलने के 10 मिनट के बाद ही फायर ब्रिगेड पहुंच गयी थी। फायर ब्रिगेड पर नियुक्त सभी कर्मचारी आग बुझाने में पूरी तरह से दक्ष हैं जो वर्षो से आग बुझाने का काम कर रहे है। कुछ कर्मचारियों को ट्रेनिंग के लिये भेजा गया है। उन्हें फायर ब्रिगेड पर नियुक्त किया जायेगा।
प्रदीप भदौरिया, सीएमओ, नगरपालिका, डबरा

