ग्वालियर के सीतापुर में तमिलनाडु की तरह बनेगा लेदर पार्क, प्लग एंड प्ले का कॉन्सेप्ट
ग्वालियर. सीतापुर इंडस्ट्री एरिया में जहां कुछ बड़े उद्योग लगना शुरू हो गए हैं, वहीं अब यहां लेदर पार्क बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इस लैदर पार्क में उद्यमियों के साथ ही मजदू्रों की सहूलियत का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जिसके अंतर्गत यहां मजदूरों के लिए आवास बनाए जाएंगे, जिसे एमपीआईडीसी ने लेदर पार्क के लेआउट में शामिल कर लिया है।
वहीं प्लग एंड प्ले के कॉन्सेप्ट के कारण यहां उद्यमियों को बिना कंस्ट्रक्शन कराए ही तत्काल आते ही अपना प्रोडक्शन शुरू करने का मौका मिलेगा। प्लग एंड प्ले कॉन्सेप्ट के तहत 10 ऐसे शेड लेदर पार्क में बनाकर तैयार किए जाएंगे, जहां कोई भी उद्यमी सिर्फ अपनी मशीनें लेकर आए और प्लग विद्युत से कनेक्ट करके तुरंत प्रोडक्शन शुरू कर सकता है। इसके लिए उन्हें किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं लेनी होगी। कोई शेड नहीं बनाना होगा, तत्काल कोई कंस्ट्रक्शन नहीं कराना होगा।
इसके साथ ही मध्यप्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआईडीसी) इस लेदर पार्क को तमिलनाडु की तर्ज पर तैयार करने जा रहा है। इस लेदर पार्क में मुख्य रूप से लेदर शूज और उसके विभिन्न हिस्से तैयार होंगे। साथ ही नॉन लेदर शूज, पर्स, जैकेट, बेल्ट समेत अन्य एसेसरीज भी बनाई जाएंगी। रेगजीन मटेरियल बनाने का काम भी यहां किया जाएगा। एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक प्रतुल चंद्र सिन्हा ने बताया कि लेदर पार्क के लिए केंद्र सरकार से 106 करोड़ रुपए का बजट मिला है। मार्च 2026 तक प्रोजेक्ट पूरा करना है। तमिलनाडु की विजिट हम जल्द ही करने वाले हैं।
