ग्वालियर में बांग्लादेश के साथ मैच का विरोध, हिंदू महासभा ने ग्वालियर बंद का भी आह्वान किया

ग्वालियर. 14 साल के इंतजार के बाद ग्वालियर को मिले टी-20 मैच का घोषणा के साथ ही विरोध शुरू हो गया है। भारत-बांग्लादेश के बीच 6 अक्टूबर को प्रस्तावित मैच को लेकर हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज ने चेतावनी दी कि वे शहर में बांग्लादेश के मैच का विरोध काले झंडे दिखाकर करेंगे। जरूरत पड़ने पर इसके लिए ग्वालियर बंद का भी आह्वान किया जाएगा। इसके बाद भी यदि सरकार हठधर्मिता पर रही तो हिमस के कार्यकर्ता स्टेडियम में घुसकर पिच खोदने का भी काम करेंगे। संवाददाताओं से चर्चा के दौरान डॉ. भारद्वाज ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याएं हो रही हैं।
मंदिर तोड़े जा रहें हैं। बहन-बेटियों को सरेआम निर्वस्त्र कर घसीटा जा रहा है। भारत के करोड़ों हिन्दू बांग्लादेश में हो रहे हिंदू विरोधी कृत्यों का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में बांग्लादेश के साथ किसी भी तरह के खेल या आयोजन बंद होना चाहिए। भारत और बांग्लादेश के बीच ग्वालियर में होने वाला क्रिकेट मैच हिंदू महासभा नहीं होने देगी।
महासभा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि भारत और बांग्लादेश के साथ होने वाली सीरीज को रद्द करना चाहिए। उधर, जिलाध्यक्ष लोकेश शर्मा ने कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट टीम में एक मात्र हिंदू खिलाड़ी का घर जलाया उसके साथ मारपीट की। उसने भागकर जान बचाई। जिस देश में न तो हिंदुओं का सम्मान है और न खिलाड़ियों का, ऐसे देश से मैच खेलना हिंदुओं की भावना को आहत करने जैसा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *