मुरैना में रिजर्व डैम में आयी दरार 25 फीट हुई , 20 गांवों में घुसा पानी

ग्वालियर. मुरैना के टोंगा गांव के लोग इस सोच में डूबे हुए हैं कि न जाने अब आगे क्या होगा। फसल तो खराब हो ही चुकी है। क्या घर भी छोड़ना। कहां जायेंगे, कैसे गुजारा करेंगे यह दहशत यहां रिजर्व डैम के फूटने के बाद पसरी है। डैम से पानी लगातार बह रहा है। 24 घंटे पहले जो दरार 15 इंच की थी। वह बढ़कर 25 फीट हो गयी है। इसकी चौडाई बढ़ती जा रही है। 4 गांव डूब चुके हैं। 20 गांवों में खतरा मंडरा रहा था इसमे पूरे अभियान में ईई दिनेश रत्नाकर अपनी पूरी टीम के साथ जुटे हुए हैं।
12 गांवों में 400 बीघा से अधिक खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो चुकी है। ग्रामीणों का दावा है कि लगभग 30 लाख रूपये की बाजरा की फसल खराब हुई है। विधायक सरला रावत प्रभावित लोगों से मिलने आयी और खानापूर्ति कर चली गयी। इधर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि जब तक डैम का पानी खाली नहीं हो जाता, मरम्मत नहीं कर सकते हैं।
जितना बना, उतना सामान लेकर घर छोड़ा
मंगलवार को दैनिक भास्कर की टीम जब मुरैना से 70 किलोमीटर दूर सबलगढ़ और यहां से 20 किलोमीटर दूर टोंग गांव में ग्राउंड जीरो पर पहुंची, तो लोग सड़कों या ऊंची जगहों पर बैठे और खड़े मिले। घबराहट से उनके माथों पर सिलवटें थीं, चेहरे पर बेचैनी दिख रही थी। एक महिला ने रोते हुए कहा, ‘सोमवार रात 8 बजे घर में पानी आ गया। जितना बना, उतना सामान लेकर घर छोड़ना पड़ा। रात सड़क पर ही कटी।’ इसके बाद हम टोंगा रिजर्व डैम की ओर बढ़े, तो सड़क किनारे बहता पानी और इसकी गड़गड़ाती आवाज ऐसी थी कि किसी का भी दिल बैठा दे। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया, ‘बांध में इतना पानी है कि दो दिन तक बहता रहेगा। इसके बाद ही टूटी दीवार की मरम्मत हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *