आधा दर्जन फ्लाईओवर की स्वीकृति को लेकर केन्द्रीय राज्य मंत्री से मिले सांसद 

ग्वालियर – शहर के 4 फ्लाईओवर सहित संसदीय क्षेत्र के आधा दर्जन फ्लाईओवर की मंजूरी दिलाने के लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने विशेष मुलाकात की। उन्होंने ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में सेतु बंधन परियोजना के तहत इन फ्लाईओवर को स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया।
सांसद ने केन्द्रीय राज्य मंत्री का ध्यान आकर्षित किया कि ग्वालियर लोकसभा क्षेत्रांतर्गत मुख्य मार्गों पर अत्यधिक वाहनों के आवागमन होने के कारण सदैव जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम की स्थिति से निजात पाने के लिए ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत इन फ्लाई ओवर/ ब्रिज का निर्माण अत्यंत जरूरी है।
सांसद द्वारा जिन फ्लाईओवर सह ब्रिज को मंजूरी दिलाने की मांग की गई है उनमें ग्वालियर शहर के अंतर्गत गोला का मंदिर चौराहा मुरार से बिरला नगर आरटीआई की ओर फ्लाईओवर, सात नंबर चौराहा से बारादरी चौराहा बाया हुरावली रोड की ओर फ्लाईओवर, मुरार 6 नंबर चौराहा बाया एम एम चौराहा से बारादरी तक फ्लाईओवर एवं  हनुमान चौराहा जनकगंज से लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी से साडा की ओर फ्लाईओवर निर्माण शामिल है। इसके अलावा उन्होंने ग्राम गेंदोली नगर परिषद बैराड़ जिला शिवपुरी में पार्वती नदी पर नवीन पुल एवं सतनवाड़ा नरवर मार्ग के ग्राम मणिखेड़ा के पास स्थित नदी का नवीन पुल निर्माण की स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *