रिटायर्ड अधीक्षण यंत्री के घर-ऑफिस पर छापा,लोकायुक्त को नकदी, सोने-चांदी और संपत्ति के दस्तावेज मिले, फॉरेन इन्वेस्टमेंट को लेकर जांच

भोपाल. नगर निगम के रिटायर्ड अधीक्षण यंत्री प्रदीप जैन के घर और दफ्तर में लोकायुक्त टीम की 2 टीमों ने छापेमारी की है। मकान पर तलाशी के दौरान 5 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति, 85 लाख से ज्यादा के जेवरात के बिल, लाखों के निवेश और विदेश यात्रा के दस्तावेज मिले हैं। बैंक लाकर की तलाशी अलग से की जाएगी। जिस मकान में कार्रवाई की गई, वह उनके बेटे यश जैन के नाम है।
दोनों ही जगह से बड़ी मात्रा में दस्तावेज जब्त किए
लोकायुक्त को पीके जैन के खिलाफ वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायत मिली थी। कार्रवाई एयरपोर्ट रोड स्थित पाॅश लार्ड्स कॉलोनी में स्थित पीके जैन के घर और गोविंदपुरा स्थित स्मार्ट सिटी ऑफिस में बने दफ्तर जारी है। दोनों ही जगह से बड़ी मात्रा में दस्तावेज जब्त किए हैं। उनके लैपटॉप, कम्प्यूटर की भी जांच की जा रही है। लैपटॉप और दो हार्ड डिस्क भी जब्त किए हैं। डीएसपी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में 12 लोगों की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी।
विदेश में निवेश की कर रही जांच
लोकायुक्त के सूत्रों ने बताया कि प्रदीप जैन द्वारा विदेश में निवेश की सूचनाएं भी मिली हैं। कार्रवाई में मिले दस्तावेजों में जैन के फाॅरेन इन्वेस्टमेंट्स की जांच भी की जा रही है। लोकायुक्त के अफसरों ने बताया कि जांच में फॉरेन ट्रिप के दस्तावेज मिले हैं। पीके जैन चार दिन पहले ही कनाडा से लौटे हैं। प्रदीप जैन से कनाडा टूर के बारे में पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *