युवती बोली-आधी रात को वह घर में घुसे और मुझे खींचने लगे, भाई-बहन सदमे में आरोपियों को मिली जमानत

भोपाल. मैं अपने कमरे में पलंग पर बैठी-बैठी मोबाइल देख रही थी। गेट के अन्दर से पूरी तरह से बंद नहीं था। तभी पड़ोस में रहने वाले अभिनव और शुभम अंदर दाखिल हुए। मुझे देखते ही गालियां देना शुरू कर दी और मेरा हाथ पकड़ लिया, मैं चिल्लाई तो भीतर सो रहा मेरा भाई आया। दोनों लड़के उसे देखते ही पीटने लगे, किसी तरह हमने उन्हें बाहर निकाला और गेट बंद किया।
यह आपबीती है 20 वर्षीय उस युवती की, जिसके साथ घर में घुसकर 2 युवकों ने छेड़छाड़ की है। दरअसल, गुरूवार की सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। यह वीडियो भोपाल के मिनाल रेसिडेंसी के एक फ्लैट का था। जिसमें 2 लड़के युवती के साथ झूमाझटकी कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद भोपाल की पिपलानी पुलिस ने दोपहर को आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया जहां से उन्हें जमानत मिल गयी।
पीड़िता ने पूरी कहानी बताई….
मैं रीवा जिले की रहने वाली हूं और भोपाल में एक कंपनी में फंड मैनेजमेंट का काम संभालती हूं। यहां मिनाल रेसिडेंसी के फ्लैट में अपने भाई (ताऊ के बेटे) के साथ पिछले 6 महीने से रह रही हूं। मेरा भाई एलएनसीटी कॉलेज से बीटेक फाइनल ईयर कर रहा है।
हमारे फ्लोर के पहले फ्लैट में एक लड़का रहता है, जिसका नाम अभिनव है। उसका एक और दोस्त शुभम अक्सर उसके यहां आता रहता है। ये लोग अपने दोस्तों के साथ हर दिन शराब पीकर हंगामा करते थे। मैं इनके डर की वजह से रात 10 बजे के बाद गैलरी में रखे डस्टबीन में कचरा तक डालने नहीं जाती थी। वे बहुत बार मुझ पर भद्दे कमेंट कर चुके थे। मैं इसलिए चुप रही क्योंकि मुझे मेरे भाई की चिंता थी। इनके शहर में बहुत से दोस्त हैं, लेकिन हम यहां अकेले हैं। इनकी हरकतों से बिल्डिंग के बाकी लोग भी परेशान थे। हमारा फ्लैट ग्राउंड फ्लोर पर है तो ये एंट्री गेट के पास बनी सीढ़ियों पर बैठकर ही शराब पीते, आने जाने वाले पर अपना रौब जमाते। एक बार इन्होंने मेरे भाई पर भी रौब जमाने की कोशिश की, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। कुछ दिनों पहले इन्होंने मेरे भाई की बाइक की सीट फाड़ दी थी और उस पर गालियां लिख दी थीं। उसके बाद हेडलाइट्स तोड़ दी। दोनों बार भाई ने सिक्योरिटी इंचार्ज को शिकायत की, लेकिन इंचार्ज ने सीसीटीवी खराब होने का हवाला देकर कोई एक्शन नहीं लिया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *