ग्वालियर, -कलेक्टर रुचिका चौहान के विशेष प्रयास एवं आदर्श परिवार आधुनिक नालंदा के डायरेक्टर के संयुक्त तत्वावधान में यूपीएससी एवं एमपीपीएससी की नि:शुल्क कोचिंग साइंस कॉलेज में संचालित की गई है। जिसमें अनेक युवक-युवतियां नि:शुल्क कोचिंग का लाभ उठा रहे हैं। कलेक्टर ने स्वयं कोचिंग क्लास पहुँचकर युवाओं को यूपीएससी एवं एमपीपीएससी की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी नियमित कोचिंग क्लास में पहुँचकर बच्चों को मार्गदर्शन दे रहे हैं।
एसडीएम ग्वालियर विनोद सिंह ने भी कोचिंग क्लास में पहुँचकर बच्चों से कहा कि वे अपनी परीक्षा के लिये लक्ष्य निर्धारित कर पूरी इच्छाशक्ति के साथ तैयारी करें। उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सिलेबस को छोटे-छोटे भागों में बांटकर परीक्षा की तैयारी करना चाहिए। इसके साथ ही पुराने यूपीएससी एवं पीएससी में पूछे गए प्रश्नों के संबंध में भी अपनी तैयारी करना चाहिए। इस अवसर पर सहायक संचालक नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस राजू कुशवाह, महेन्द्र सिंह, उपेन्द्र मावई, उमेश चौधरी व छात्र-छात्रायें उपस्थित थे।