ग्वालियर में नर्सिंग होम संचालिका के बेडरूम से 25 लाख गायब, न ताला टूटा न अलमारी
ग्वालियर. शहर के नया बाजार स्थित मूंदडा नर्सिंग होम में किसी फिल्मी कहानी की तरह चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल संचालिका के बेडरूम में रखी अलमारी का ताला बिना टूटे, अंदर रखे 25 लाख रुपये रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। इस अजीबोगरीब घटना ने पुलिस और डॉक्टर दंपति दोनों को उलझन में डाल दिया है। पुलिस पडताल में जुटी है। घर में आने-जाने वालों की सूची तैयार की जा रही है जिसके बाद इनसे पूछताछ होगी। महिला कर्मचारी पर चोरी का संदेह जताया है।
क्या है पूरा मामला
डॉ. पूजा मूंदडा जो 50 साल की है वह अपने पति डॉ. अंशुमान मंूदडा के साथ अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर निवास करती है। बीते 18 अगस्त की शाम करीब 6 बजे उन्होंने बेडरूम के कोने में रखी लकडी की एक छोटी अलमारी में 500-500 रुपये की 50 गड्डियां यानि 25 लाख रुपये एक बैग में रखकर उस पर छोटा ताला लगा दिया था। करीब एक महीने बाद जब 19 सितंबर को उन्होंने किसी जरूरत के लिए अलमारी खोली तो उनके होश उड गए। बैग अपनी तय जगह पर रखा हुआ था लेकिन जब दो खोलकर देखा तो अंदर नकदी गायब थी। कमरे या अलमारी में जबरन घुसने या तोडफोड का कोई भी निशान नहीं मिला है। डॉ. पूजा के अनुसार अलमारी की चाबी आमतौर पर उनके पास ही रहती थी लेकिन कई बार जल्दबाजी में वह बेडरूम में ही छूट जाती थी। उनकी गैरमौजूदगी में घर की साफ-सफाई करने वाली महिला कर्मचारी का बेडरूम में आना-जाना रहता था जिसके चलते उसी पर चोरी का शक जताया जा रहा है।
घटना के सामने आने के बाद डॉक्टर दंपति ने पहले अपने स्तर पर सफाईकर्मी से पूछताछ की और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले लेकिन कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली थाना प्रभारी विनायक करकरे ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बिना ताला टूटे और बिना किसी जोर-जबरदस्ती के इतनी बडी रकम पार कैसे हुई पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है। संदेही सफाईकर्मी के साथ आस-पास के अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
