दीपावाली के पूर्व ग्वालियर में सफाई व्यवस्था पर संकट, आउटसोर्स कर्मचारी बोले 2 नवम्बर से बंद करेंगे सफाई व्यवस्था का काम

ग्वालियर. शहर की सफाई व्यवस्था दिवाली से पहले संकट के बादल मंडराने लगे है। अपनी मांगों के समाधान में देरी से नाराज नगरनिगम के आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने रविवार को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया। 2 नवम्बर से पूरे शहर में सफाई कार्य बंद कर दिया जायेगा।


यदि ऐसा हुआ तो दीवाली से पहले शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। कर्मचारियों का कहना है कि वह अपनी मांगों को लेकर लगातार ज्ञापन दे रहे हैं। लेकिन अभी तक उनकी समस्याओं पर ठोक कार्यवाही नहीं की गयी है। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि शहर की सफाई व्यवस्था और नगर निगम के दूसरे कार्यो को सुचारू रूप से चलाने वाले कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
महापौर के साथ 27 अक्टूबर को बैठक
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट जयराजसिंह चौहान ने कहा है कि 16 तारीख से निगम सेवा से जुड़े कर्मचारियों में विभिन्न मांगों को लेकर असंतोष है। इसमें आउटसोर्स, विनियमित और सफाई कामगार वर्ग के कर्मचारी शामिल है। कर्मचारियों की ओर से परिषद और निगम प्रशासन को लगातार ज्ञापन सौंपे जा रहे है। लेकिन उनका कहना है कि अभी तक मांगों का सार्थक चर्चा नहीं हो पाई है। जयराज सिंह ने बताया कि महापौर कर्मचारियों से चर्चा के लिये 27 अक्टूबर का समय दिया है। उन्हें उम्मीद है कि बैठक में समस्याओं का समाधान निकल सकता है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि चर्चा के बाद भी मांगों पर सकारात्मक समाधान निकला तो सफाई कार्य बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। उन्होंने कहा है कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी। इस मामले में महापोर शोभा सिकरबार ने कहा है कि उन्होंने कर्मचारियों और उनके नेताओं से मिली है उन्हें आश्वासन दिया गया है कि उनकी समस्याओं के निराकरण के लिये हरसंभव प्रयास किया जायेगा। महापौर ने कहा है कि 27 अक्टूबर की शाम 4 बजे कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा है कि कर्मचारियों के हित में जो भी संभव होगा, उसके लिये प्रयास किये जायेंगे।
2 नवंबर से सफाई बंद करने का ऐलान
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री राकेश चौहान ने भी रविवार को निगम प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर अपना रवैया नहीं बदला, तो 2 नवंबर से ग्वालियर में सफाई कार्य बंद कर दिया जाएगा।
कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। अब सभी की नजर 27 अक्टूबर को होने वाली बैठक पर है। यदि बातचीत में सहमति नहीं बनती है, तो कर्मचारियों की घोषित हड़ताल से दीपावली के आसपास शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *