ग्वालियर में अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 9 प्रकरण दर्ज
ग्वालियर – आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध देशी एवं विदेशी मदिरा के साथ लगभग 1,500 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया 9 प्रकरण दर्ज किए गए। जब्त अवैध मदिरा की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 70 हजार रुपए बताई गई है।
कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेशानुसार, आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। प्राप्त सूचना के आधार पर सिकंदर कंपू, हजीरा, बिरला नगर कॉलोनी, चक केशवपुर, डबरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी गई।
सिकंदर कंपू क्षेत्र में देशी मदिरा जब्त
सिकंदर कंपू क्षेत्र के गड्ढे वाले मोहल्ले में पुलिया के पास से 2 आरोपियों शिवम राठौर एवं अमन नन्नौदे के आधिपत्य से देशी मदिरा प्लेन के कुल 29 पाव जब्त किए गए। वहीं, लक्खड़खाना पुल के पास से एक अन्य आरोपी के कब्जे से देशी मदिरा प्लेन के 13 पाव जब्त किए गए। इन मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। दोनों प्रकरणों में नमूने लेकर भौतिक परीक्षण एवं ईएएल स्कैन किया गया।
