हादवे किनारे खडे ट्रक में जा घुसा ट्रक, चंबल से रेत भरकर ला रहा था ट्रक, घटनास्थल पर 2 की मौत
ग्वालियर. रेत माफियाओं के सड़क पर दौड़ते ट्रक ने फिर एक बार 2 लोगों की जान ले ली है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात 2 बजे आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर घाटीगांव के पास हाइवे किनारे खडे ट्रक जा टकराया। टकराने वाला ट्रक में चंबल की रेत भरी थी। हादसे में रेत से भरे ट्रक का केबिन आगे ट्रक में जा घुसा। जिसमें सवार 2 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू किया। लेकिन 8 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के लाशों को ही बाहर निकाला जा सका, जबकि हादसे के बाद ट्रक चालक भी गायब है। पुलिस तलाश रही है कि कहीं वह तो घायल नहीं है। घाटीगांव थाना पुलिस ने शवों को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया है। पुलिस पूरे हादसे की जांच कर रही है।
क्या है मामला
घाटीगांव थाना प्रभारी सुरेन्द्र नाथ सिंह यादव ने बताया कि मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात सूचना मिली थी कि सिमरिया टेकरी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक दूसरे ट्रक में जा घुसा है। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और तीन घायल हैं। सूचना मिलते ही वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की तो पता चला कि एक युवक की मौत हो गई है, जबकि एक घायल है और ट्रक में फंसा हुआ है। इसका पता चलते ही पुलिस टीम के साथ उन्हें निकालने का प्रयास किया, लेकिन बुरी तरह से बॉडी ट्रक के केबिन में फंसी होने के चलते वह सफल नहीं हुए। आठ घंटे की मशक्कत के बाद जब दूसरे व्यक्ति को निकाला तो वह मृत निकला।
अवैध रेत लेकर तेज स्पी डमें भाग रहा था ट्रक
ऐसा बताया गया है कि जिस ट्रक का एक्सीडेंट हुआ है उसमें चम्बल की रेत भरी हुई थी। चम्बल के रेत पर प्रतिबंध है। पुलिस को आशंका है कि चालक पकड़े जाने के डर में काफी तेज अपना वाहन चला रहा था जिससे हादसा हुआ है। वही गौर करने वाली बात यह है कि क्लीनर साइड पूरी क्षतिग्रस्त हो गयी और चालक साइड सेफ थी। जिससे पुलिस का मानना है कि संभवतः चालक सुरक्षित बचने पर फरार हो गया है।
धौलपुर के रहने वाले हैं मृतक
पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों मृतक धौलपुर के रहने वाले है और केवट समाज के है।, अब पुलिस ने धौलपुर पुलिस को सूचना दी है और मृतकों की जानकारी मांगी है।

