ओडिशा में मिसाइल टेस्टिंग, 10 गांव खाली कराए गए
ओडिशा. बालासोर में बुधवार को एक मिसाइल की टेस्टिंग होनी है जिसके लिए 10 गांवों के 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया है। मिसाइल की टेस्टिंग बालासोर के चांदीपुर के इंटीग्रेटेड टेस्टिंग रेंज के लॉन्च पैड-3 से होगी। इसके अलावा मिसाइल से जुडी कोई भी जानकारी डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन ने फिलहाल शेयर नहीं की है। हालांकि रक्षा मंत्रालय के जानकारों ने कहा कि मिसाइल टेस्टिंग से पहले अलग-अलग फेज में तैयारी की जाती है। इसमें तय किया जाता है कि जमीन पर कितनी दूरी तक मिसाइल का प्रभाव पडेगा। इसी प्रोसेस के तहत डीआरडीओ ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इसके अलावा उन्हें मुआवजे के लिए 300 रुपए भी दिए गएं है। हालांकि ग्रामीणों ने इस पर नाराजगी जताई है।
गांववाले बोले मुआवजा काफी कम
गांववालों ने कहा है कि मुआवजा काफी कम मिल रहा है। जिला प्रशासन ने अस्थायी रूप से विस्थापित लोगों के लिए तय की गई मुआवजे की राशि में लंबे समय से कोई बदलाव नहीं किया गया है। साथ ही कहा कि लॉन्चिंग रेंज में एक तालाब भी आता है, जहां काम करने वाले मछुआरों और खेतिहर मजदूरों को अभी मुआवजा नहीं दिया जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि इस संबंध में बालासोर के SDM को ज्ञापन सौंपा गया है और हमारी मांगों को जल्द मानने की बात कही गई है।

