खनिज विभाग के उड़नदस्ते ने सिंध नदी में अवैध उत्खनन में लिप्त फोकलेन मशीन जब्त 

ग्वालियर – रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ जिले में लगातार छापामार कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में मंगलवार को भितरवार तहसील के अंतर्गत धूमेश्वर मंदिर के पास सिंध नदी में रेत के अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर खनिज विभाग के उड़नदस्ते ने छापामार कार्रवाई की। इस कार्रवाई में एक फोकलेन मशीन जब्त की गई। साथ ही अवैध उत्खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज, अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण नियम के तहत प्रकरण कायम किया गया है।
जिला प्रशासन के संज्ञान में यह बात आई थी कि धूमेश्वर मंदिर के पास सिंध नदी में कुछ लोगों द्वारा रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। इस सूचना पर तत्काल उड़नदस्ते को मौके पर भेजकर कार्रवाई कराई गई है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले के सभी एसडीएम, राजस्व अधिकारियों एवं खनिज विभाग की टीम को खनिज पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सिंध नदी पर छापामार कार्रवाई करने के लिये गए उड़नदस्ते में सहायक खनिज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी व क्षेत्रीय पुलिस बल शामिल था। जब्त की गई फोकलेन मशीन को पुलिस थाना भितरवार में भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *