जेयू: दो दिवसीय गुरूपूर्णिमा – छात्र हमेशा सद्मार्ग पर चलें- स्वामी ऋषभदेव आनंद
ग्वालियर। गुरूजनों की पूजा उनके त्याग से होती है और छात्रों की पूजा उनके ग्रहण करने से होती है। अगर अपने आप को समझना है तो आपके द्वारा किया गया कार्य किस मनोयोग से किया जा रहा है यह आवश्यक है। छात्रों को सुख का त्याग करना चाहिए बिना सुख त्यागे लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकते। छात्र मनमुखी न बने गुरूमुखी बनें। छात्र हमेशा सद्मार्ग पर चलें।यह बात लाल टिपारा गौशाला से स्वामी ऋषभदेव आनंद महाराज ने सोमवार को जेयू में आयोजित गुरूपूर्णिमा पर्व के समापन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि कही। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षाविद डॉ. उमाशंकर पचौरी व कुलसचिव अरूण सिंह चौहान उपस्थित रहे।
वहीं अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. अविनाश तिवारी ने की।कार्यक्रम के दौरान स्वामी ऋषभदेव आनंद जी महाराज व डॉ. उमाशंकर पचौरी को शॉल एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया।विवि के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं गुरुपूर्णिमा कार्यक्रम संयोजक प्रो.जेएन गौतम ने स्वागत भाषण दिया और गुरुपूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला। इसी क्रम में विशिष्ट अतिथि व मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. उमाशंकर पचौरी ने कहा कि मनुष्य को जन्म इसलिए मिला है कि वह अच्छे कर्म कर सके। गुरु पूर्णिमा का पर्व शिष्टता का पर्व है। गुरु वह होता है जो दूसरा गुरु बनता है, परिपूर्णता लाता है।तन के लिए धनधान्य, मन के लिए सम्मान, बुद्धि के लिए ज्ञान, आत्मा के लिए भगवान। गुरु वह है जो संभावना को संभव बनाता है। विद्यार्थी में श्रद्धा विश्वास समर्पण होता है तो वह कुछ भी हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि जिसको गुरु के वचन पर विश्वास नहीं है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण पर्यटन उत्सव ‘देशज दर्शन’ स्मारिका का विमोचन किया गया। इसी क्रम में लाल टिपारा गौशाला और जेयू के बीच अनुबंध( एमओयू) हुआ जिससे जेयू के छात्रों को रिसर्च करने में मदद मिलेगी।साक्षी राठौर ने कार्यक्रम का संचालन व प्रो.जेएन गौतम ने आभार व्यक्त किया।आदर्श व वकार ने तकनीकी सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विवि के कुलगुरु प्रो. अविनाश तिवारी,लाल टिपारा गौशाला से स्वामी ऋषभदेव आनंद महाराज, कुलसचिव अरूण सिंह चौहान, प्रो.जेएन गौतम, प्रो.एसके गुप्ता, प्रो.एके सिंह, प्रो.एमके गुप्ता, प्रो.आईके पात्रो, प्रो.हेमंत शर्मा, प्रो.एसके सिंह, डॉ.हरिशंकर कंषाना, पंकज उपाध्याय सहित समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
