मुरैना में प्रशासन की टीम पर पथराव करने व जाम लगाने वाले 100 पर FIR दर्ज

मुरैना. मंदिर की जमीन से जाम हटाने गई प्रशासन की टीम पर पथराव करने और फिर जाम लगाने वाले 100 से ज्यादा लोगों पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा व जाम लगाया यातायात बाधित करने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पथराव व जाम लगाने के आरोपितों में महिलाएं भी शामिल है। गौरतलब है कि नेशनल हाईवे 552 बागचीनी चौखट्टा पर महादेवजी बांके दुल्हेनी मंदिर की जमीन है जिसके एक हिस्से मंे हडबांसी गांव के बालट्टर शर्मा, अवनीश शर्मा, रामप्रकाश शर्मा, रामनरेश शर्मा पुत्रगण रामसनेही शर्मा ने कब्जा कर चार मकान व 10 दुकानें बना ली थी। दुल्हेनी रामजानकी मंदिर के पुजारी ऋषिकेश गोस्वामी ने ग्वालियर हाईकोर्ट इसके खिलाफ गुहार लगाई थी जिसकी सुनवाई करते हुए कोर्ट ने मुरैना कलेक्टर को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
राजस्व व पुलिस टीम अतिक्रमण तोडने गई थी
कार्रवाई के दौरान भीड ने प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया जिसमें एक आरक्षक घायल हो गया वहीं कई सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने आंसूगैस के गोले छोडकर लाठीचार्ज कर भीड को तितरबितर किया। इसके कुछ देर बाद तीन महिलाओं को मृत बताकर उन्हें शव की तरह नेशनल हाईवे पर रखकर पौन घंटे से ज्यादा समय तक जाम लगाकर हंगामा किया। इसी मामले में हुरहेडी के पटवारी नरेश पुत्र रामप्रवेश सिंह सिकरवार की शिकायत पर बागचीनी थाने में 100 से अधिक अज्ञात महिला और पुरूषों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 13, 2221, 126(2) के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले की जांच बागचीनी थाना प्रभारी राजकुमार परमार खुद कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *