शहर में दो शिफ्टों में चलेंगे ई-रिक्शा सांसद की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
ट्रैफिक प्वॉइंट का करें युक्तियुक्तिकरण और सभी प्वॉइंट पर लगवाएं सीसीटीव्ही कैमरे – भारत सिंह कुशवाह
ग्वालियर – शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिये दो शिफ्टों में ई-रिक्शा का संचालन किया जायेगा। यह निर्णय सांसद भारत सिंह कुशवाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया है। जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम द्वारा शहर में ई-रिक्शा प्रबंधन के लिये बनाई गई कार्ययोजना पर समिति ने सहमति जताई। सांसद ने कहा शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिये उपयोगिता के अनुसार ट्रैफिक प्वॉइंट का युक्तियुक्तिकरण करें। साथ ही शेष सभी प्वॉइंट पर सीसीटीव्ही कैमरे लगवाकर इन्हें स्मार्ट सिटी के ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से जोड़ें।
जिला सड़क सुरक्षा समिति में लिए गए निर्णय के अनुसार शहर में दो शिफ्टों में दोपहर 3 बजे से रात्रि 3 बजे तक एवं रात्रि 3 बजे से दोपहर 3 बजे तक पंजीकृत ई-रिक्शा संचालित होंगे। ई-रिक्शा चालकों को रोजगार के समान अवसर मिल सकें, इसके लिये एक माह बाद शिफ्ट चेंज की जायेंगीं। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पंजीकृत ई-रिक्शा को चलाने की अनुमति ही शहर में रहेगी। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने जानकारी दी कि पिछले दिनों शहर में 6 स्थानों पर नाके सह शिविर लगाकर लगभग 5 हजार ई-रिक्शा पंजीकृत किए गए हैं।
सीसीटीव्ही लगाकर बनाएं ट्रैफिक प्वॉइंट
शहर के सभी प्रवेश द्वारों पर भी सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जाएँ, जिससे अपराधियों को पकड़ने में मदद मिले। उन्होंने प्रवेश द्वारों पर ट्रैफिक प्वॉइंट स्थापित करने के लिये भी कहा। श्री कुशवाह ने यह भी कहा कि शहर के सभी ट्रैफिक प्वॉइंट पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाने से यातायात व्यवस्था में सुधार होने के साथ-साथ राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी।
पार्किंग स्थल बढ़ाने और लेफ्ट टर्न फ्री करने पर जोर
शहर में सर्वेक्षण कर अधिक से अधिक छोटे-बड़े पार्किंग स्थल स्थापित करने के लिये कहा। उन्होंने कहा खासतौर पर शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पार्किंग स्थलों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही कहा कि तिराहे-चौराहों पर विशेष प्रयास कर लेफ्ट टर्न फ्री कराए जाएं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा लेफ्ट टर्न को चौड़ा करने की कार्ययोजना बनाई गई है। इस पर जल्द अमल किया जायेगा। बाड़े से दौलतगंज सहित शहर के अन्य मार्गों पर वाहनों के राँग साइड आवागमन को रोकने के लिये प्रभावी कार्ययोजना बनाने के लिये भी बैठक में कहा गया।
चिन्हित ब्लैक स्पॉट सहित अन्य स्थलों को दुर्घटना फ्री बनाएँ
जिला सड़क सुरक्षा समिति ने जिले में अधिक दुर्घटनाओं की वजह से चिन्हित ब्लैक स्पॉट को दुर्घटना फ्री करने के लिये आवश्यक सुधार करने पर भी विशेष जोर दिया। ब्लैक स्पॉट के अलावा ऐसे अन्य स्थल चिन्हित कर सुधार कार्य कराएँ, जहां दुर्घटनायें सामने आई हैं। उन्होंने रायरू, गणेशपुरा, बेहटा, शीतला माता तिराहा व सिकरौदा सहित अन्य दुर्घटना स्थलों की ओर ध्यान आकर्षित किया। विषय विशेषज्ञ से स्टडी कराकर ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाएं कम करने के उपाय किए जाएं। 3 माह के भीतर ब्लैक स्पॉट का प्रबंधन नहीं किया गया तो दुर्घटना होने पर जिस विभाग की सड़क है उसके अधिकारी जवाबदेह होंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से मेहरा के स्थान पर सिकरौदा चौराहे पर टोल टैक्स स्थानांतरित करने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त लोगों की मदद के लिये नेशनल हाईवे की 103 नम्बर एम्बूलेंस का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिये भी कहा। साथ ही पुलिस अधीक्षक से कहा कि सिकरौदा चौराहे पर पुलिस चौकी की स्थापना कराई जाए।
स्कूल वाहनों की गहनता से की जाए जांच
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में विशेष जोर देकर कहा गया कि स्कूली बसों सहित अन्य वाहनों में बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से सभी आवश्यक इंतजाम रहें। साथ ही बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो। सांसद श्री कुशवाह ने कहा कि संबंधित अधिकारी विशेष अभियान चलाकर सभी स्कूली वाहनों की जांच करें। साथ ही गैस से चलने वाले स्कूली वाहनों को सख्ती से रोका जाए।
वाहनों से अनाधिकृत काली फिल्म और हूटर हटवाएं
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में वाहनों से काली फिल्में और अनाधिकृत रूप से लगे हूटर हटवाने पर भी बल दिया गया। समिति ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि इस दिशा में प्रमुखता से कार्रवाई की जाए।
