पानी के लिए गड्ढा खोद रही थी महिला, सोना-चांदी से भरा खजाना लगा हाथ

केरल. कहते है कि जब ऊपर वाला देता है तो छप्पर फाड़ कर देता है। ऐसा ही कुछ हुआ है केरल के कन्नूर जिले में महिला मजदूरों के साथ। दरअसल, केरल के चेंगलयी में बारिश के दौरान साफ पानी के लिए गड्ढा खोदते समय महिला मजदूरों के हाथ ‘खजाना’ लगा है। जानकारी के मुताबिक महिला मजदूरों को गड्ढा खोदते समय एक कंटेनर मिला था, लेकिन उन्हें लगा कि उस कंटेनर में बम हो सकता है तो उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जब कंटेनर को खोला तो सबके होश उड़ गए। क्योंकि कंटेनर बम से नहीं सोने और चांदी से भरा था।
17 मोती की माला, 13 सोने के लॉकेट और भी बहुत कुछ
जानकारी के मुताबिक, कन्नूर के एक सरकारी स्कूल के पास शाम को जब मजदूर बारिश का पानी इकट्ठा करने के लिए खुदाई करके 1 मीटर गहरा गड्ढा खोद रहे थे। तभी मजदूरों को कीमती सामानों से भरा एक कंटेनर मिला। पुलिस ने जब उसे खोला तो उसमें 17 मोती की माला, 13 सोने के लॉकेट, चार मेडेलियन, पांच प्राचीन अंगूठियां, झुमकों का एक सेट और कई चांदी के सिक्के शामिल हैं।
पुरातत्व विभाग करेगा वस्तुओं की जांच
कंटेनर मिलने के बाद शुरुआत में मजदूरों को डर था कि यह बम हो सकता है। मजदूरों ने पुलिस को जानकारी दी और सब इंस्पेक्टर एमवी शीजू की टीम ने वस्तुओं को कब्जे में ले लिया। बाद में उन्हें अदालत में पेश किया गया। पुरातत्व विभाग खुदाई से मिली वस्तुओं की जांच करेगा और यह पता लगाएगा कि आखिर कंटेनर कब का है और कहां से आया। हालांकि, शुरुआती आकलन से पता चलता है कि ये वस्तुएं बहुत पुरानी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *