हजार बिस्तर के अस्पताल में भाई का पड़ा रहा शव, युवक को जूनियर डॉक्टर्स ने कमरे में बंद कर पीटा

ग्वालियर. युवक को सांप के काटने पर इलाज के लिए रविवार को एक हजार बिस्तर अस्पताल लेकर पहुंचे स्वजनों और जूनियर डॉक्टर्स में भिड़ंत हो गई। इस दौरान जूनियर डॉक्टर्स ने मृतक के भाईयों को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। अस्पताल में मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जूनियर डॉक्टर्स का आरोप है कि मृतक के स्वजनों ने हंगामा करते हुए मारपीट की। एक जूनियर डॉक्टर को चांटा मारा। जब सुरक्षाकर्मियों ने उनको आईसीयू से बाहर करने की कोशिश की तो स्वजन भड़क गए और सुरक्षाकर्मी जयकुमार सेन के साथ मारपीट कर दी। जबकि मृतक के स्वजनों ने डॉक्टर्स पर कमरे में बंद कर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
ये है पूरा मामला
चीनौर क्षेत्र के शेखुपुरा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय पुरुषोत्तम बघेल को रविवार की सुबह करीब तीन बजे गांव में सांप ने काट लिया था। स्वजन पुरुषोत्तम को सुबह 11 बजे एक हजार बिस्तर अस्पताल लेकर पहुंचे। मेडिसिन आईसीयू में जूनियर डॉक्टर्स ने पुरुषोत्तम का परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों की डॉक्टर्स से इस बात पर हुई बहस
स्वजन पुरुषोत्तम की सांसें चलने की बात कहते हुए उसे निजी अस्पताल ले जाने की बात डॉक्टर्स से कर रहे थे। बस इसी बात को लेकर जूनियर डॉक्टर्स और स्वजन के बीच विवाद शुरू हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि जूनियर डॉक्टर्स ने मृतक युवक के भाई दिनेश व महेन्द्र को घसीट कर कमरे में बंद कर जमकर पीटा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *