पुलिस को खुदाई में खेत से मिले 54 किलो चांदी जेवरात, राजस्थान से चोरी कर लाये थे बदमाश
गुना. पुलिस ने एक खेत में खुदाई करवा कर चांदी के 54 किलो वजनी जेवरात जब्त किये हैं। इसकी कीमत लगभग 53 लाख रूपये आंकी गयी है। बदमाशों ने राजस्थान के झालावाड जिले के एक व्यापारी के घर से इन्हें चोरी किया था। बदमाशों ने चोरी के बाद इन जेवरात को गुना जिले के बीलाखेडी गांव में लाकर गाढ़ दिया था। शनिवार को पुलिस ने चोरी का माल बरामद किया है। इस तरह के मामले में यह पुलिस की अभी तक की सबसे बड़ी कार्यवाही माना जा रहा है।
पोटलियों में रखे थे चांदी के जेवर
गुना एसपी संजीव कुमार सिन्हा के अनुसार जिले के धरनावदा टीआई राजेन्द्रसिंह चौहान को खबर मिली कि बीलाखेड़ी गांव में सगुनबाई पारदी के खेत में जेवर गाढ़कर रखे गये है। इस पर एसडीओपी दीपा डोडवे और धरनावदा थाने की टीम वहां पहुंची। पुलिस ने खेत में खुदाई कराई तो एक बड़ी पोटली मिली। इसे खोलने पर कपड़े की अलग पोटलियों में चांदी के जेवर रखे हुए मिले। चांदी का कुल वजन 54 किलो 300 ग्राम पाया गया। कपिल अग्रवाल के नाम का आधार कार्ड भी पोटलियों में मिला है। गुना पुलिस ने राजस्थान के झाालावाड़ जिले के मनोहर थाना पुलिस को जानकारी दी है।

एक से डेढ़ घंटे तक कमरे में रहे थे बदमाश
बदमाश करीब एक से डेढ़ घंटे तक कमरे में रहे थे। दूसरे दिन सुबह 9 बजे जब व्यापारी ने अपने बेटे को जेवर निकालने के लिए कमरे में भेजा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोला तो सामान बिखरा हुआ था और अलमारियों के 12 में से 10 लॉकर टूटे हुए थे।
